Yamuna Nagar News: नए कोर्स के लिए नहीं मिल रहे विद्यार्थी, पहले चरण में हुए कुल तीन दाखिले
अभय सिंहजगाधरी। चौधरी रणबीर सिंह राजकीय बहुतकनीकी संस्थान हथिनी कुंड में शुरू हुए दो नए कोर्स के लिए विद्यार्थी नहीं मिल पा रहे हैं। संस्थान में दाखिले का पहला चरण पूरा हो गया है और इन दो कोर्स में कुल तीन दाखिले हुए हैं। ऐसे में विद्यार्थी न मिलने की सूरत में ये कोर्स बंद किए जा सकते हैं।जानकारी के अनुसार संस्थान में इस शैक्षणिक सत्र से शुगर टेक्नोलॉजी और एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग के दो नए डिप्लोमा कोर्स शुरू किए गए हैं। दोनों कोर्स में 60-60 सीटें निर्धारित हैं, पहले चरण की काउंसिलिंग पूरी होने के बाद भी विद्यार्थियों की रुचि बेहद कम देखने को मिली है। शुगर टेक्नोलॉजी में केवल दो विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है, जबकि एनवायरनमेंट इंजीनियरिंग में महज एक विद्यार्थी ने प्रवेश लिया है। इस तरह दोनों नए कोर्स में कुल तीन ही दाखिले हो पाए हैं।तकनीकी शिक्षा विभाग के नियमों के अनुसार किसी भी नए कोर्स को नियमित रूप से संचालित करने के लिए न्यूनतम 25 प्रतिशत सीटों पर दाखिले होना आवश्यक है। यदि निर्धारित संख्या में प्रवेश नहीं होते हैं तो संबंधित कोर्स को बंद करना पड़ सकता है। ऐसे में संस्थान प्रशासन की चिंता बढ़ गई है। चूंकि इसमें 15-15 विद्यार्थियों का दाखिला होना जरूरी है। यदि आगामी चरणों में भी पर्याप्त संख्या में विद्यार्थी प्रवेश नहीं लेते हैं तो इन दोनों कोर्स को बंद करना पड़ सकता है। ऐसी स्थिति में पहले से दाखिला ले चुके विद्यार्थियों को उनकी सहमति के अनुसार दूसरे उपलब्ध कोर्स में स्थानांतरित किया जाएगा।उधर, पहले चरण की काउंसिलिंग में सीट आवंटित होने के बावजूद कई विद्यार्थियों ने प्रवेश प्रक्रिया पूरी नहीं की। पहली वरीयता सूची में 145 विद्यार्थियों को विभिन्न कोर्स में सीटें आवंटित की गई थीं, लेकिन उनमें से केवल 88 विद्यार्थियों ने ही संस्थान पहुंचकर दाखिला लिया। शेष विद्यार्थियों ने रिपोर्ट नहीं की, जिससे कई सीटें अभी भी खाली हैं।संस्थान प्रशासन को उम्मीद है कि आगामी काउंसिलिंग चरणों में अधिक विद्यार्थी दाखिला लेंगे। इसके लिए जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि नए कोर्स में भी निर्धारित संख्या में प्रवेश सुनिश्चित किए जा सकें और विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी तकनीकी शिक्षा का लाभ मिल सके।--------------अब सरपंचों व पंचायत की ले रहे हैं सहायतादाखिला समिति के अमित कुमार ने बताया कि दोनों कोर्स रोजगार की दृष्टि से काफी उपयोगी हैं और भविष्य में इन क्षेत्रों में रोजगार की अच्छी संभावनाएं हैं। इसके बावजूद विद्यार्थियों और अभिभावकों में इन नए पाठ्यक्रमों के प्रति पर्याप्त जानकारी का अभाव दिखाई दे रहा है। इसी कारण संस्थान की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत संस्थान के शिक्षक और कर्मचारी आसपास के गांवों और कस्बों में जाकर विद्यार्थियों तथा अभिभावकों से संपर्क कर रहे हैं। गांवों के सरपंचों से संपर्क कर जानकारी दी जा रही है। उन्हें तकनीकी शिक्षा के महत्व के साथ नए कोर्स की विशेषताओं और रोजगार के अवसरों की जानकारी दी जा रही है। संस्थान का प्रयास है कि अधिक से अधिक विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों का लाभ उठाएं और सीटें भर सकें। संवाद
#StudentsAreNotAvailableForTheNewCourse #ATotalOfThreeAdmissionsWereMadeInTheFirstPhase. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 02:38 IST
Yamuna Nagar News: नए कोर्स के लिए नहीं मिल रहे विद्यार्थी, पहले चरण में हुए कुल तीन दाखिले #StudentsAreNotAvailableForTheNewCourse #ATotalOfThreeAdmissionsWereMadeInTheFirstPhase. #VaranasiLiveNews
