Noida News: पहले कुत्ते हटाओ, फिर काम कराओ...घरेलू सहायिकाओं ने किया प्रदर्शन
-ग्रेनो वेस्ट की लोट्स विला सोसाइटी का मामला, प्रदर्शन के बाद घर लौट गई घरेलू सहायिकाएंसंवाद न्यूज एजेंसीग्रेटर नोएडा। रोटी कमाने आईं घरेलू सहायिकाएं जब खुद को सुरक्षित महसूस न करें, तो गुस्सा फूटना तय है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लोट्स विला सोसाइटी में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से तंग आकर रविवार को सहायिकाओं ने काम बंद कर मुख्य गेट पर विरोध प्रदर्शन किया। उनका कहना है कि आए दिन लावारिश कुत्ते हमला कर रहे हैं। बार-बार शिकायत के बाद भी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा है।प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने साफ कहा कि जब तक सोसाइटी परिसर से लावारिश कुत्तों की समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया जाएगा, तब तक वो किसी भी फ्लैट में काम करने नहीं जाएंगी। इसके चलते कई घरों का घरेलू काम भी प्रभावित हुआ। वहीं निवासी दिनेश ने बताया कि सुबह काम पर आने वाली घरेलू सहायिकाओं ने गेट पर एकत्र होकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि सोसाइटी में घूमने वाले लावारिश कुत्ते अक्सर उन पर हमला कर देते हैं और कई महिलाओं को काट चुके हैं।निवासियों का कहना है कि घरेलू सहायिकाओं के साथ स्थानीय निवासियों को भी कई बार कुत्ते काट चुके हैं। लावारिश कुत्तों की संख्या बढ़ती जा रही है। ऐसे में लोगों में डर का माहौल बना हुआ है। बच्चों व बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता रहती है। प्रदर्शन करने वाली महिलाओं और निवासियों ने संबंधित अधिकारियों और सोसाइटी प्रबंधन से जल्द से जल्द प्रभावी कदम उठाने की मांग की है, जिससे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो।
#StreetDogProblem #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 12, 2026, 14:56 IST
Noida News: पहले कुत्ते हटाओ, फिर काम कराओ...घरेलू सहायिकाओं ने किया प्रदर्शन #StreetDogProblem #VaranasiLiveNews
