Special: छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी पर मौसम की मार; किसान संगठनों का बड़ा एलान, कर्जा माफ करें साय सरकार

छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी पर तीन चक्रवातों (अर्नव,मुरासु और अकवान) का कहर देखने को मिला है। बे-मौसम हुई बारिश से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। इससे धान सहित सब्जी और फलों की फसलें बड़े पैमाने पर तबाह हो गई है। इसके पहले अर्नव तूफान, मुरासु चक्रवात ने खेतों में धान की खड़ी फसल गिरा दी थी। अब रही सही कसर अकवान तूफान ने पूरी कर दी। धान काटने और बेचने के समय अकवान चक्रवात की वजह से भारी पैमाने पर धान की पकी फसल बर्बाद हो गई है। इससे धान खरीदी पर एक तरह से ब्रेक लग गया है। ऐसे में प्रदेश के किसान संगठनों ने राज्य की साय सरकार से 'कर्जमाफी' की मांग की है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में धान का सीजन किसानों के लिए बड़ी उम्मीदों का समय होता है। किसानों की महीनों की मेहनत और गाढ़ी कमाई से जब फसल पककर तैयार होती है, तो किसान अच्छी आमदनी की उम्मीद करता है, लेकिन इस बार किसानों की इन उम्मीदों पर मौसम ने पानी फेर दिया है। बेमौसम बारिश और चक्रवात ने खेतों में खड़ी पकी धान की फसल को गिरा दिया है। धान की फसल पककर खेतों में लेट गई है। कई जगहों पर खतों में पानी भरे होने से किसान धान नहीं काट पा रहे हैं। कई जगह पानी होने से हॉवेस्टर मशीन खेतों में नहीं उतर पा रही है। ऐसे में किसान संगठनों का मानना है कि कर्जमाफी काफी हद तक राहत पहुंचा सकती है। किसानों ने की कर्जमाफी की मांग भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग की है। वहीं किसान नेता वेगेन्दे सोनबेर (साहू), सुदेश टिकम, रुपन चंद्राकर ने भी किसानों का कर्जमाफ करने की मांग की है। '65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दें साय सरकार' किसान नेता वेगेन्दे सोनबेर (साहू) ने तीन चक्रवातों की मार से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए राज्य सरकार से अलग से राहत पैकेज घोषित करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि सीएम ने नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने का आश्वासन दिया था, लेकिन लगातार तूफान और बारिश के बावजूद किसानों को अब तक राहत नहीं मिली है। ऐसे में सरकार को कम से कम 65 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देना चाहिये। कई खरीदी केंद्रों में निर्धारित क्षमता पर्याप्त नहीं है। जहां हर दिन 500 क्विंटल धान खरीदी की व्यवस्था होनी चाहिए, वहां 200 क्विंटल की क्षमता से काम चलाया जा रहा है। ऐसे में तय दो महीने की अवधि में पूरी खरीदी हो पाना मुश्किल है। अतिरिक्त सहायता राशि बढ़ायें उन्होंने धान के समर्थन मूल्य के अलावा मिलने वाली अंतर राशि को भी नाकाफी बताया। 13,859 रुपये की घोषित अंतर राशि पर असंतोष जाहिर करते हुए किसानों को अधिक आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साल 2023 में 917 रुपये प्रति क्विंटल की अतिरिक्त राशि दी गई थी। सरकार को आगे भी इस तरह की सहायता जारी रखनी चाहिए, क्योंकि खेती की लागत और महंगाई लगातार बढ़ रही है। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष तेजराम विद्रोही ने कहा कि तीन तूफानों की वजह से धान समेत सब्जी और फलों के उत्पादन को भारी नुकसान पहुंचा है। इससे किसानों की कमर टूट गई है। ऐसे में वो राज्य सरकार से मांग करते हैं कि जल्द से जल्द किसानों के कर्जमाफी का आदेश जारी किया जाये। नुकसान का ऑकलन और सर्वे कर पर्याप्त मुआवज दिया जाये। जिन किसानों का बीमा हुआ है, उन बीमा कंपनियों की ओर से सर्वे कर आर्थिक सहायता राशि दी जानी चाहिये। ताकि किसानों को आर्थिक संबल मिल सके। मौसम की मार को देखते हुए टोकन की तय सीमा को हटाकर किसनों को राहत दी जानी चाहिये। किसान संगठनों ने दिए सुझाव किसान संगठनों ने धान खरीदी केंद्रों में टोकन, बारदाना, तौल और डिजिटल प्रक्रिया को लेकर सवाल खड़े किये हैं। किसान संगठनों ने सरकार को कई सुझाव दिये हैं। किसान संगठनों का कहना है कि फसल बीमा की प्रक्रिया में कई कठिनाइयां हैं। बीमा में खसरा को इकाई माना जाए, ताकि जिस खेत में नुकसान हुआ है, उसी के आधार पर किसान को लाभ मिल सके। डिजिटल थंब और ओटीपी सुविधा बनाये रखने की मांग किसान नेता सुदेश टिकम ने धान खरीदी में डिजिटल थंब इम्प्रेशन अनिवार्य किए जाने को लेकर भी सवाल खड़े किये हैं। गांवों में बुजुर्ग और बीमार किसानों को खरीदी केंद्र तक लाकर थंब लगवाना मुश्किल हो सकता है। उनका सुझाव है कि पहले की तरह आधार ओटीपी के माध्यम से सत्यापन का विकल्प जारी रखा जाये, ताकि किसान परिवार के दूसरे सदस्य के माध्यम से धान विक्रय की प्रक्रिया पूरी हो सके।

#CityStates #Chhattisgarh #Raipur #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 28, 2026, 10:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Special: छत्तीसगढ़ में खेती-किसानी पर मौसम की मार; किसान संगठनों का बड़ा एलान, कर्जा माफ करें साय सरकार #CityStates #Chhattisgarh #Raipur #VaranasiLiveNews