Jammu Kashmir: उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले कश्मीर में कड़ी सुरक्षा, शहर से हाईवे तक चाक-चौबंद इंतजाम
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के कश्मीर दौरे से पहले कड़े सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। श्रीनगर शहर से श्रीनगर-जम्मू हाईवे पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। हर जगह सुरक्षा कर्मियों की पैनी नजर है। उपराष्ट्रपति 26 फरवरी को कश्मीर यूनिवर्सिटी के 21वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने आ रहे हैं। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उनके दौरे के मद्देनजर जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ व अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने पूर्ण समन्वय के साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की है। श्रीनगर शहर के कई इलाकों में घेराबंदी व तलाशी अभियान चलाए जा रहे हैं। सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीमों द्वारा इलाकों में संदिग्धों की तलाशी ली जा रही है जिसमें लोग और वाहन शामिल हैं। सुरक्षा अभ्यास के तहत दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ऐसे ऑपरेशन एक हाई-प्रोफाइल दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम के तौर पर उठाए जा रहे हैं। लोगों की आवाजाही पर कड़ी नजर रखी जा रही है और चेकिंग प्रक्रिया के दौरान यात्रियों की भी वेरिफिकेशन की जा रही है। सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बलों की तैनाती के साथ साथ अंदरूनी इलाकों में गश्त भी बढ़ाई गई है ताकि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक की गुंजाइश न रहे। श्रीनगर शहर में कई जगहों पर मोबाइल चेक-पॉइंट्स भी स्थापित किए गए हैं। खासकर सभी एंट्री पॉइंट्स पर। अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में श्रीनगर के अन्य हिस्सों में भी इसी तरह के सुरक्षा उपाय जारी रह सकते हैं। इसके अलावा श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। इसमें काजीगुंड में नवयुग टनल वाले हिस्से पर खास ध्यान दिया जा रहा है क्योंकि यह कश्मीर घाटी का एंट्री पॉइंट है। अधिकारियों ने बताया कि बढ़ी हुई सुरक्षा योजना की देखरेख सीधे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी कर रहे हैं। निगरानी बनाए रखने और सुरक्षित और बिना किसी रुकावट के आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए हाईवे पर अहम जगहों पर अतिरिक्त पुलिस और सुरक्षा कर्मियों को भी तैनात किया गया है।
#CityStates #Srinagar #VicePresidentVisitsKashmir #CpRadhakrishnan #SrinagarSecurityArrangements #Srinagar-jammuNationalHighway #NavyugTunnelQazigund #KashmirUniversityConvocation #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 11:14 IST
Jammu Kashmir: उपराष्ट्रपति के दौरे से पहले कश्मीर में कड़ी सुरक्षा, शहर से हाईवे तक चाक-चौबंद इंतजाम #CityStates #Srinagar #VicePresidentVisitsKashmir #CpRadhakrishnan #SrinagarSecurityArrangements #Srinagar-jammuNationalHighway #NavyugTunnelQazigund #KashmirUniversityConvocation #VaranasiLiveNews
