बाजार का नया बाजीगर: टाटा की कंपनी को पछाड़ एसबीआई बनी देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी, शेयरों में जबरदस्त उछाल
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को एक बड़ा उलटफेर देखने को मिला। देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने मार्केट कैप यानी बाजार पूंजीकरण के मामले में दिग्गज आईटी कंपनी टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज यानी टीसीएस को पछाड़ दिया है। शानदार तिमाही नतीजों के दम पर देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक के शेयरों में आई तेजी ने उसे अब रिलायंस, एचडीएफसी बैंक और भारती एयरटेल के बाद देश की चौथी सबसे मूल्यवान लिस्टेड कंपनी बना दिया है। बीएसई पर एसबीआई का शेयर 3.40% तक चढ़ा बुधवार के कारोबारी सत्र के अंत में आए आंकड़ों ने बाजार विश्लेषकों का ध्यान खींचा। बीएसई पर एसबीआई का शेयर 3.40 प्रतिशत चढ़कर 1,183 रुपये प्रति शेयर पर बंद हुआ, जबकि एनएसई पर यह 3.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1,181.10 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान बैंक के शेयरों में निवेशकों का जबरदस्त उत्साह देखा गया और यह लगभग चार प्रतिशत तक उछलकर अपने 52 हफ्तों के नए उच्चतम स्तर 1,187.70 रुपये पर पहुंच गया। इस उछाल का सीधा असर कंपनी के कुल मूल्यांकन पर पड़ा। सत्र के अंत में एसबीआई का मार्केट कैप 10,91,982.06 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसके ठीक उलट, टीसीएस के शेयरों में 2.5 प्रतिशत की गिरावट आई और उसका मार्केट कैप घटकर 10,52,646.38 करोड़ रुपये रह गया। इस तरह सरकारी बैंक ने आईटी क्षेत्र की दिग्गज कंपनी के मूल्यांकन को पीछे धकेल दिया। टॉप कंपनियों की रैंकिंग में बदलाव इस ताजा फेरबदल के बाद भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष कंपनियों की तस्वीर बदल गई है। मार्केट कैप के लिहाज से रिलायंस इंडस्ट्रीज अब भी देश की सबसे मूल्यवान कंपनी बनी हुई है। इसके बाद एचडीएफसी बैंक दूसरे और भारती एयरटेल तीसरे नंबर पर काबिज हैं। एसबीआई अब चौथे नंबर पर है, जबकि टीसीएस अब खिसककर पांचवें स्थान पर आ गई है। इसके बाद की सूची में आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, इंफोसिस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और लार्सन एंड टुब्रो जैसी कंपनियां शामिल हैं। एसबीआई के शेयरों में तेजी का क्या है कारण एसबीआई के शेयरों में यह तेजी बिना किसी कारण के नहीं है, बल्कि इसके पीछे बैंक के मजबूत वित्तीय प्रदर्शन का हाथ है। पिछले सप्ताह ही बैंक ने वित्त वर्ष 2026 की दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी किए, जिसमें बैंक ने स्टैंडअलोन आधार पर 21,028 करोड़ रुपये का अब तक का सबसे अधिक मुनाफा हासिल करने की बात कही। व वहीं, कंसोलिडेटेड आधार पर बैंक का मुनाफा 13.06 प्रतिशत बढ़कर 21,317 करोड़ रुपये रहा। बैंक की कोर इनकम यानी ब्याज से उसकी कुल आमदनी भी बढ़ी है। यह पिछले साल की समान अवधि के 41,446 करोड़ रुपये से 9.04 प्रतिशत बढ़कर 45,190 करोड़ रुपये हो गई है। ऋण बांटने के मोर्चे पर भी बैंक ने 15.14 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि हासिल की है। इससे घरेलू नेट इंटरेस्ट मार्जिन में 0.03 प्रतिशत के मामूली दबाव के बावजूद मुनाफे को सहारा मिला है। अन्य स्रोतों से बैंक की आमदनी के आंकड़े क्या कह रहे बैंक की गैर-ब्याज आय में भी अच्छी बढ़ोतरी देखने को मिली है। दिसंबर तिमाही में यह 15.65 प्रतिशत बढ़कर 8,404 करोड़ रुपये रही। हालांकि, बैंक के खर्चे भी बढ़े हैं। कुल व्यय पिछले वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के 1,04,917 करोड़ रुपये के मुकाबले बढ़कर 1,08,052 करोड़ रुपये हो गया है। बावजूद इसके, निवेशकों ने बैंक की ग्रोथ स्टोरी पर भरोसा जताया है, जो शेयर की कीमतों में आए इस उछाल से साफ जाहिर होता है।
#BusinessDiary #National #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 11, 2026, 15:49 IST
बाजार का नया बाजीगर: टाटा की कंपनी को पछाड़ एसबीआई बनी देश की चौथी सबसे बड़ी कंपनी, शेयरों में जबरदस्त उछाल #BusinessDiary #National #VaranasiLiveNews
