दिल्ली में डकैती: कारोबारी दंपती को बंधक बनाकर एक करोड़ की लूट, हेलमेट पहने हथियारबंद बदमाशों ने की वारदात

उत्तरी दिल्ली के रूप नगर में शुक्रवार की रात हथियारबंद बदमाशों ने बुजुर्ग ऑटो पार्ट्स कारोबारी व उनकी पत्नी को बंधक बनाकर एक करोड़ से अधिक की लूट को अंजाम दिया। विरोध पर बदमाशों ने दंपती को बुरी तरह पीटा। बाद में घर की अलमारी और तिजोरियों में रखे 10 लाख कैश, सोने और चांदी के जेवरात व मूर्तियां लेकर भाग गए। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक जांच दल को भी मौके पर बुलाया गया। पीड़ित तारेश बैसीवाला (74) के बयान पर पुलिस ने लूटपाट का केस कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस आशंका जता रही कि वारदात को किसी करीबी की सूचना पर अंजाम दिया गया है। पुलिस घर के नौकरों के अलावा तारेश के कर्मचारियों से पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी की मदद से बदमाशों के आने-जाने के रूट की पड़ताल की जा रही है। उत्तरी जिला पुिलस ने बताया कि तारेश बैसीवाला पत्नी अर्चना (70) के साथ रूप नगर स्थित बंगले में रहते हैं। तारेश का कश्मीरी गेट इलाके में ऑटो पार्ट्स का कारोबार है। शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे वह वॉशरूम जाने के लिए उठे तो देखा कि पानी नहीं आ रहा था। मेन गेट खोलकर मोटर चलाने चले गए तो घात लगाए चार बदमाशों ने उन्हें बंधक बना लिया। दो बदमाश हेलमेट लगाए हुए थे, जबकि दो अन्य के चेहरे ढके थे। बदमाश पिस्टल, चाकू और रॉड से लैस थे। अलमारी-तिजोरी की चाबी देने से मना करने पर पीटा बदमाशों ने तारेश पर पिस्टल तानते हुए अलमारी और तिजोरी की चाबी मांगी। इन्कार करने पर मारपीट की। आरोपियों ने दंपती की पिटाई करने के बाद उनके हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद रॉड की मदद से अलमारी और तिजोरी के ताले तोड़कर अंदर रखा माल लूट लिया। आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है। पांच किलाे की चांदी की मूर्तियां भी ले गए बदमाशों ने अलमारी में रखे 10 लाख रुपये, 20 सोने की चेन, 25 अंगूठियां, पांच सोने के सिक्के, एक सोने का नेकलेस सेट, करीब पांच किलो वजन की चांदी की मूर्तियां, एक हजार चांदी के सिक्के और अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने बताया कि लूटे गए माल की कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा है।

#CityStates #DelhiNcr #Delhi #Robbery #DelhiPolice #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 10, 2026, 02:39 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




दिल्ली में डकैती: कारोबारी दंपती को बंधक बनाकर एक करोड़ की लूट, हेलमेट पहने हथियारबंद बदमाशों ने की वारदात #CityStates #DelhiNcr #Delhi #Robbery #DelhiPolice #VaranasiLiveNews