Yamuna Nagar News: लाल पत्थर पड़े सफेद, शुरुआत में ही फीका पड़ा रंग

यमुनानगर। शहर के सबसे प्रमुख और व्यस्त चौराहों में शुमार शहीद भगत सिंह चौक (फव्वारा चौक) के नवीनीकरण में बड़ी लापरवाही सामने आई है। करीब 15.65 लाख रुपये की लागत से चल रहे इस कार्य का उद्घाटन भी नहीं हुआ था कि निर्माण की खामियां उजागर हो गईं। गुणवत्ता पर सवाल उठने के बाद नगर निगम ने संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। मामला मंगलवार को सदन की बैठक में भी गूंजा, जहां पार्षदों ने तीखी आपत्ति दर्ज कराई।निगम की जांच में सामने आया कि चौक के चारों ओर लगाए गए लाल बलुआ पत्थर उद्घाटन से पहले ही सफेद पड़ने लगे हैं। यह स्थिति तब है, जब निर्माण कार्य अभी पूर्ण भी नहीं हुआ। ऐसे में सामग्री की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह चौक शहर का चेहरा माना जाता है। दिनभर हजारों वाहनों की आवाजाही वाले इस चौराहे पर यदि शुरुआत में ही पत्थरों का रंग बदलने लगे तो भविष्य में उनकी मजबूती और टिकाऊपन को लेकर चिंता स्वाभाविक है। पार्षदों ने भी इसे सीधे-सीधे निर्माण में लापरवाही करार दिया।नवीनीकरण योजना के तहत यहां शहीद-ए-आजम भगत सिंह की साढ़े छह फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जानी थी, लेकिन ठेकेदार ने केवल 5 फुट 11 इंच की मूर्ति स्थापित कर दी। यह प्रतिमा अभी तक कपड़े से ढंकी हुई थी और उद्घाटन की तैयारी चल रही थी। उधर, मामला सामने आते ही मेयर सुमन बहमनी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वर्तमान प्रतिमा हटाकर निर्धारित ऊंचाई के अनुरूप नई प्रतिमा लगाई जाए। शहर की शान और शहीद की गरिमा से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।करीब दस माह पहले शुरू हुआ यह नवीनीकरण कार्य अब तक पूरा नहीं हो सका है। योजना के अनुसार चौक को सात मीटर की गोल परिधि में विकसित किया जा रहा है। बीच में प्रतिमा स्थापित की जानी है, नीचे और चारों ओर ग्रेनाइट लगाया जाना है। इसके अलावा ऊपर झोपड़ी नुमा पत्थर की छतरी, चारों ओर पारदर्शी शीशे और आकर्षक डेकोरेटिव एलईडी लाइटें लगाने की योजना है, ताकि रात के समय चौक भव्य और आकर्षक नजर आए। लेकिन मौजूदा हालात ने पूरी योजना पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।सदन में गूंजा मुद्दा, मेयर ने दिए सख्त निर्देशमंगलवार को नगर निगम की सदन बैठक में यह मुद्दा जोरदार तरीके से उठा था। पार्षदों ने निर्माण में देरी और गुणवत्ता में कमी को लेकर अधिकारियों को घेरा था। मेयर सुमन बहमनी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार को नोटिस जारी करने के आदेश दिए और गुणवत्ता सुधारने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की पहचान से जुड़े किसी भी कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निगम की योजना के तहत आगे महाराणा प्रताप चौक, मधु चौक और प्यारा चौक को भी आकर्षक रूप दिया जाना है। ऐसे में फव्वारा चौक की खामियों ने निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

#RedStonesTurnedWhite #ColorFadedInTheBeginning #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 26, 2026, 03:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Yamuna Nagar News: लाल पत्थर पड़े सफेद, शुरुआत में ही फीका पड़ा रंग #RedStonesTurnedWhite #ColorFadedInTheBeginning #VaranasiLiveNews