कठुआ: पंजाब ने रोका बसोहली का पर्यटन विस्तार, विवाद के चलते रंजीत सागर झील में हाउसबोट परियोजना पर संकट

84 वर्ग किलोमीटर में फैली रंजीत सागर झील (थीन बांध) के आसपास पर्यटन विकास को लेकर जम्मू-कश्मीर और पंजाब के बीच विवाद गहरा गया है। बसोहली क्षेत्र में झील पर्यटन को नई पहचान देने के लिए जम्मू-कश्मीर सरकार के बनी-बसोहली विकास प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित हाउसबोट परियोजना पर पंजाब की आपत्ति के बाद काम ठप पड़ गया है, जिससे स्थानीय पर्यटन कारोबार की उम्मीदों को झटका लगा है। यह स्थिति तब बनी है जब पिछले महीने ही पंजाब सरकार ने रंजीत सागर और शाहपुर कंडी झीलों के आसपास पर्यटन विकास के लिए रंजीतगढ़ विकास प्राधिकरण एक्ट को मंजूरी दी है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बसोहली में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से झील में लगभग 98 लाख रुपये की लागत से हाउसबोट स्थापित करने की योजना बनाई थी। इस परियोजना के तहत आवासीय सुविधाओं के साथ-साथ जल पर्यटन गतिविधियों का विस्तार किया जाना था। बोटिंग, जेट स्कीइंग और अन्य वॉटर स्पोर्ट्स को बढ़ावा देने की भी तैयारी थी, लेकिन परियोजना को लेकर उठी आपत्तियों के कारण यह आगे नहीं बढ़ पा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एक ओर जम्मू-कश्मीर में पर्यटन परियोजनाओं के क्रियान्वयन में बाधाएं खड़ी की जा रही हैं वहीं दूसरी ओर पंजाब अपनी सीमा में रंजीत सागर झील के इर्द-गिर्द बड़े पैमाने पर पर्यटन ढांचा विकसित कर रहा है। लोगों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर सरकार और जनप्रतिनिधियों की ओर से अपेक्षित पहल नहीं दिखाई दे रही है। दरअसल, अक्तूबर 2026 में पंजाब मंत्रिमंडल ने रंजीतगढ़ डेवलपमेंट अथॉरिटी विधेयक-2026 को मंजूरी दी थी। इस प्राधिकरण का गठन रंजीत सागर और शाहपुर कंडी बांध क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए किया गया है। पंजाब के मुख्यमंत्री इसकी अध्यक्षता करेंगे जबकि इसे भूमि प्रबंधन, परियोजना विकास और नियामक निर्णय लेने के व्यापक अधिकार दिए गए हैं। सूत्रों की मानें पंजाब की ओर से पठानकोट जिले में झील के किनारे लगभग 305 एकड़ क्षेत्र को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने की योजना पर काम चल रहा है। प्रस्तावित परियोजनाओं में अंतरराष्ट्रीय स्तर का वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, लक्जरी रिसॉर्ट्स, एडवेंचर पार्क और रोप-वे जैसी सुविधाएं शामिल हैं। इसके विपरीत बसोहली क्षेत्र में प्रस्तावित अपेक्षाकृत छोटी परियोजनाएं भी आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि रंजीत सागर झील जम्मू-कश्मीर, पंजाब और हिमाचल प्रदेश के संगम पर स्थित होने के कारण देश के महत्वपूर्ण जल पर्यटन स्थलों में शामिल हो सकती है। पठानकोट, डलहौजी, चंबा, धर्मशाला और कटड़ा जाने वाले पर्यटकों के लिए यह एक प्रमुख पड़ाव बनने की क्षमता रखती है। अटल सेतु बनने के बाद बसोहली की कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है, जिससे क्षेत्र में पर्यटन निवेश की संभावनाएं और बढ़ी हैं। 1979 के समझौते में निहित हैं पर्यटन गतिविधियों के अधिकार जानकारों के अनुसार, वर्ष 1979 में तत्कालीन पंजाब और जम्मू-कश्मीर सरकारों के बीच हुए समझौते में थीन बांध और संबंधित जलाशयों के लाभ साझा करने का प्रावधान था। इसके तहत सिंचाई व बिजली उत्पादन के अलावा अन्य लाभ भी जलमग्न क्षेत्र के अनुपात में बांटे जाने थे, जिनमें मत्स्य पालन और नौवहन के अधिकार शामिल हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि जलाशय उपयोग और नौवहन के यही प्रावधान आज झील पर्यटन, हाउसबोट, नौकायन और जल क्रीड़ाओं का आधार बनते हैं। ऐसे में बसोहली की परियोजनाएं रुकने से पुराना समझौता और राज्यों के अधिकार फिर चर्चा में आ गए हैं। रंजीत सागर झील में चल रहा हाउसबोट का काम बांध प्रबंधन की ओर से बंद करवाया गया है। जम्मू कश्मीर और पंजाब के 1979 के समझौते के दस्तावेजों को देखा जा रहा है। इसी आधार पर मामला उठाया जा रहा है। -बाबू राम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, बनी बसोहली विकास प्राधिकरण रंजीत सागर झील में हाउसबोट का काम पंजाब की ओर से बंद करवाए जाने की जानकारी मिली है। यह प्रदेश के साथ साथ बसोहली की पर्यटन अर्थव्यवस्था से जुड़ा मामला है। पर्यटन गतिविधियों पर पंजाब की ओर से आपत्ति नहीं होनी चाहिए। जल्द ही समाधान निकाला जाएगा। -ठाकुर दर्शन सिंह, विधायक, बसोहली

#CityStates #Kathua #Basohli #TourismExpansion #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 26, 2026, 00:42 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




कठुआ: पंजाब ने रोका बसोहली का पर्यटन विस्तार, विवाद के चलते रंजीत सागर झील में हाउसबोट परियोजना पर संकट #CityStates #Kathua #Basohli #TourismExpansion #VaranasiLiveNews