Agra News: आगरा शिक्षक सीट की वोटर लिस्ट पर सियासी संग्राम

आगरा। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची को लेकर सियासी घमासान शुरू हो गया है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया और पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगरा खंड की मतदाता सूची में करीब 15 हजार फर्जी वोटर बनाए जाने के आरोप लगाए। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा हमको हराने के लिए फर्जी मतदाता तैयार कर रही है। उच्च अधिकारियों की हाई पावर कमेटी गठित कर मतदाता सूची की जांच कराई जाए। जो भी अधिकारी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। इस दाैरान वहां माैजूद आगरा क्षेत्र से प्रत्याशी डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों के आंकड़े सामने रखे। उन्होंने दावा किया कि एक-एक स्कूल में 96 शिक्षकों को मतदाता बना दिया गया जबकि इतनी बड़ी संख्या में शिक्षकों का किसी एक विद्यालय में होना संभव नहीं है। डॉ. गुप्ता ने बताया कि आगरा शिक्षक खंड में कुल 51,552 मतदाता अभी तक बनाए गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक ने लिखित में दिया है कि उन्होंने 1,679 फॉर्म को प्रमाणित किया है जबकि 7800 मतदाता बना दिए गए हैं। इसके अलावा आरटीआई के जरिए मांगी गई जानकारी को भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में सामने रखा गया। पार्टी का दावा है कि आरटीआई के जवाब में डीआईओएस कार्यालय ने 26 ऐसे विद्यालयों की जानकारी दी, जो अस्तित्व में ही नहीं हैं। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने ऐसे 100 विद्यालयों को चिन्हित किया, जिनका धरातल पर कोई अस्तित्व नहीं मिला, जबकि कागजों में उनके नाम दर्ज हैं। सपा के लीगल एडवाइजर एके श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर पार्टी की ओर से पांच से अधिक बार लिखित शिकायतें भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली और मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश को दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद अभी तक मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई।वर्जनमेरे समय पर यह जानकारी नहीं दी गई है। 26 स्कूलों की जानकारी आरटीआई के तहत मांगी गई थी। स्कूल के नाम शॉर्ट फॉर्म में लिखे गए थे। हमने जानकारी कराई तो रिकॉर्ड में उनके नाम नहीं मिले।रविंद्र पाल तोमर, जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा

#PoliticalBattleOverTheAgraTeachers'ConstituencyVoterList #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 30, 2026, 02:44 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Agra News: आगरा शिक्षक सीट की वोटर लिस्ट पर सियासी संग्राम #PoliticalBattleOverTheAgraTeachers'ConstituencyVoterList #VaranasiLiveNews