Basti News: दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप बंधे पर पलटी, 10 घायल
दुबौलिया। बाबा रामनिहाल दास कुटी उमरिया में दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप मंगलवार को सेमरा मुस्तहकम गांव के पास तटबंध पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कलवारी पहुंचाया गया।जानकारी के अनुसार, कलवारी थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव से श्रद्धालु पिकअप पर सवार होकर दुबौलिया थाना क्षेत्र स्थित बाबा रामनिहाल दास कुटी उमरिया में दर्शन करने जा रहे थे। सेमरा मुस्तहकम गांव के पास तटबंध पर बने गड्ढे को बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। पिकअप सड़क पर पलट गई। गंगापुर निवासी नेहा (पुत्री मिट्ठू), ज्योति (19) (पुत्री रवि), अभिनेश (12) (पुत्र रामलखन), रीमा (14) (पुत्री भोला), इंद्रावती (45) (पत्नी मधुबन), कुसुमा (45) (पत्नी पृथ्वीनाथ), अनीशा (16) (पुत्री मंगरू), संदीप (7) (पुत्र धर्मराज), रामलखन (50) (पुत्र रामेश्वर) और स्नेहा (14) (पुत्री सुरेश) घायल हो गए। चिकित्सकों ने सीएचसी में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। नेहा, रीमा, अनीशा और स्नेहा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि शेष छह घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। थानाध्यक्ष जीवन त्रिपाठी ने बताया कि स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी कलवारी भेजा गया। वहां उनका उपचार हुआ।
#BastiNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 25, 2026, 02:44 IST
Basti News: दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं की पिकअप बंधे पर पलटी, 10 घायल #BastiNews #VaranasiLiveNews
