Karnal News: पैक्स प्रबंधक के खिलाफ लोगों ने किया प्रदर्शन

सनौली। छाजपुर खुर्द गांव प्राथमिक कृषि सहकारी समिति की प्रबंधक कमेटी के चार सदस्यों और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से पैक्स प्रबंधक पर अनियमितता करने के आरोप लगाकर पैक्स पर रोष प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पैक्स प्रबंधक ने बिना किसी सक्षम स्वीकृति एवं बिना निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए एक क्लर्क व चपरासी की पैक्स में नियुक्ति कर दी। दोनों कर्मचारियों की उपस्थिती एक जनवरी 2026 से लेकर 19 मार्च 2026 तक रजिस्टर में दर्ज की गई। प्रबंधक कमेटी उपाध्यक्ष अनिल कुमार, सदस्य मुकेश कुमार, ऊषा देवी व रेखा रावल ने बताया कि दोनों कर्मचारियों की नियुक्ति की जानकारी उनको 27 जनवरी को मिली और उसके बाद उच्च अधिकारियों को मामले की शिकायत की गई। सदस्यों ने बताया कि 10, 11 व 12 फरवरी को मुख्यालय से टीम छाजपुर पैक्स में जांच के लिए पहुंची, पर प्रबंधक ने रिकार्ड उपलब्ध नहीं कराया। मामला पानीपत सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के जीएम के संज्ञान में लाया गया और 17 मार्च को जीएम अपनी टीम के साथ छाजपुर पैक्स पहुंचे और रिकार्ड लिया गया। उसी दिन 29 दिसंबर 2025 की आम सभा की बैठक के प्रस्ताव को अवैध घोषित करते हुए पैक्स में लगाए गए दोनों कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटाने की अनुशंसा की गई। सहायक रजिस्ट्रार ने 19 मार्च को पैक्स की 29 दिसंबर की बैठक को अवैध घोषित कर दिया गया। समिति के सदस्यों ने इस मामले की शिकायत उच्च अधिकारियों को की गई। इसके बाद आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पानीपत केंद्रीय सहकारी बैंक के जीएम ने इसी 25 मई को पैक्स समिति के सदस्यों को पैक्स प्रबंधक तेजपाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने को कहा गया है। उन्होंने सनौली पुलिस थाना में प्रबंधक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए शिकायत दी हुई है, लेकिन आज तक भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। इस मौके पर चूहड़ सिंह रावल, महीपाल, तेजपाल सिंह, सुरेश कुमार पूर्व प्रधान, बिशंभर, मोनू रावल, हवा सिंह व रोशन मौजूद रहे।पैक्स प्रबंधक तेजपाल ने बताया कि उनको पैक्स समिति के सदस्यों ने ही लिखकर दिया था कि यहां पर स्टाफ की कमी है और समिति सदस्यों की मांग पर ही दो कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी। इसके बाद उनको हटा भी दिया गया है। उन्होंंने कहा कि कुछ लोग बेवजह आरोप लगा रहे है। सनौली थाना प्रभारी अजय ने बताया कि छाजपुर पैक्स समिति के सदस्यों की शिकायत मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

#PeopleProtestedAgainstThePACSManager #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 01, 2026, 03:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Karnal News: पैक्स प्रबंधक के खिलाफ लोगों ने किया प्रदर्शन #PeopleProtestedAgainstThePACSManager #VaranasiLiveNews