Mandi News: पपरोला ने जीता जोगिंद्रनगर फुटबाल प्रतियोगिता का खिताब
फाइनल में जोगिंद्रनगर फुटबाल क्लब ए को 2-1 से हरायासंवाद न्यूज एजेंसीजोगिंद्रनगर (मंडी)। एथलेटिक सेंटर जोगिंद्रनगर में आयोजित तीन दिवसीय फुटबाल प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला पपरोला की टीम ने जीत लिया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में पपरोला ने जोगिंद्रनगर फुटबाल क्लब ए को 2-1 से शिकस्त देकर ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम को 7100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि और ट्रॉफी दी गई जबकि उपविजेता टीम को 4100 रुपये और ट्रॉफी प्रदान की गई।करीब एक घंटा 40 मिनट तक चले मुकाबले में दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। जोगिंद्रनगर फुटबाल क्लब ए की ओर से शुभम ने पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद पपरोला के खिलाड़ी जूलू ने गोल कर स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया। मैच के निर्णायक क्षणों में अभय ने दूसरा गोल दागकर पपरोला को 2-1 की बढ़त दिलाई, जो अंत तक कायम रही।प्रतियोगिता के मुख्य आयोजक एवं नगर परिषद जोगिंद्रनगर के उपाध्यक्ष प्यार चंद वालिया ने बताया कि तीन दिवसीय प्रतियोगिता में मंडी और कांगड़ा जिलों की छह टीमों ने भाग लिया। समापन समारोह में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता और उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नगर परिषद के वार्ड-6 के पार्षद गुरध्यान, फुटबाल कोच राज बहादुर आदि मौजूद रहे।
#PaprolaWinsJogindernagarFootballTournamentTitle. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 14, 2026, 15:58 IST
Mandi News: पपरोला ने जीता जोगिंद्रनगर फुटबाल प्रतियोगिता का खिताब #PaprolaWinsJogindernagarFootballTournamentTitle. #VaranasiLiveNews
