दोहरा चेहरा: जैश कमांडर कबूल रहा पीओके में आतंकी ठिकानों की बात, कब तय होगी पाकिस्तान की जवाबदेही?
सीमा पार आतंकवाद को लेकर भारत की ओर से उठाए जाते रहे सवालों को इस्लामाबाद भले ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर खारिज करता रहा हो, लेकिन अब पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठनों से जुड़े लोगों के बयान ही उसके दावों पर सवाल खड़े कर रहे हैं। प्रतिबंधित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के शीर्ष कमांडर मसूद इलियास कश्मीरी ने इस्लामाबाद में एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में संगठन के सक्रिय आतंकी ढांचे की मौजूदगी स्वीकार की है। उसने रावलकोट में आतंकी शिविर और पुंछ जिले के धर्मसाल इलाके में संगठन के मुख्यालय का उल्लेख किया है। इससे भी गंभीर बात यह है कि उसने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के अधिकारियों के साथ मुलाकात और उनसे 22 जैश आतंकियों की सूची मिलने की जानकारी भी सार्वजनिक की है। पाकिस्तान लगातार भारत से राज्य प्रायोजित आतंकवाद के सबूत मांगता रहा है। लेकिन अब उसके लिए यह सवाल टालना आसान नहीं होगा कि अगर उसके क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों का कोई अस्तित्व नहीं है, तो जैश का वरिष्ठ कमांडर खुले मंच से वहां सक्रिय आतंकी शिविरों का जिक्र कैसे कर रहा है। उल्लेखनीय है कि मसूद इलियास कश्मीरी को भारत सरकार गैर कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत घोषित आतंकवादी के रूप में सूचीबद्ध कर चुकी है। यह जम्मू के सुंजवां आर्मी कैंप समेत कई हमलों से जुड़ा माना जाता है। यह पूरा घटनाक्रम पीओके में चल रहे नागरिक असंतोष की पृष्ठभूमि में अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है। भारत वर्षों से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान के राज्य प्रायोजित आतंकवाद के सबूत पेश करता रहा है। मुंबई हमलों से लेकर पुलवामा, पठानकोट और पहलगाम तक भारत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी नेटवर्क की भूमिका के प्रमाण पेश किए हैं। इसके बावजूद, जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-ताइबा जैसे आतंकी संगठनों के सरगना पाकिस्तान में खुलेआम सक्रिय हैं। मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में प्रतिबंधित कराने के लिए भारत को लंबे समय तक संघर्ष करना पड़ा। एफएटीएफ की ग्रे सूची से बाहर निकलने के बावजूद पाकिस्तान आतंकी वित्तपोषण और नेटवर्क पर ठोस कार्रवाई करने से बचता रहा। दरअसल, इस खुलासे का सबसे बड़ा निहितार्थ यही है कि पाकिस्तान आतंकवाद को अपने भू-राजनीतिक लक्ष्यों का औजार बनाता रहा है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को अब इस मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। यह भारत के लिए सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध अपनी रणनीति को और प्रभावी बनाने का अवसर भी है। पाकिस्तान की कथनी और करनी के फर्क को अंतरराष्ट्रीय समुदाय के सामने प्रमाणों के साथ रखना और उसे जवाबदेही के लिए बाध्य करना ही भारत की प्राथमिकता होनी चाहिए।
#Opinion #National #Pakistan #Terrorism #JaishEMohammed #MasoodIlyasKashmiri #MasoodAzhar #Pok #Isi #TerrorCamps #Rawalakot #Poonch #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 26, 2026, 05:12 IST
दोहरा चेहरा: जैश कमांडर कबूल रहा पीओके में आतंकी ठिकानों की बात, कब तय होगी पाकिस्तान की जवाबदेही? #Opinion #National #Pakistan #Terrorism #JaishEMohammed #MasoodIlyasKashmiri #MasoodAzhar #Pok #Isi #TerrorCamps #Rawalakot #Poonch #VaranasiLiveNews
