Ambala News: अब एसटीपी के पानी के नमूनों की भी होगी जांच

अंबाला। जल शोधन प्रक्रिया अब और मजबूत हो सकेगी। इसके लिए कैंट में जल जांच प्रयोगशाला की क्षमता को बढ़ाया जा रहा है। अभी तक पेयजल के सैंपलों को इस लैब में मशीनों की सहायता से जांचा जाता है। आगामी समय में सामान्य पेयजल के साथ-साथ सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) से निकलने वाले शोधित पानी की भी गहन जांच की जा सकेगी। कैंट के सैन्य क्षेत्र में लोकनिर्माण विभाग के पास स्थित इस प्रयोगशाला की क्षमता बढ़ाने को निर्माण कार्य शुरू भी कर दिया गया है। इस साल यह कार्य पूरा किया जाना है। ऐसे में पानी की गुणवत्ता को मानकों पर खरा उतारने के लिए सरकारी विभाग कामयाब हो सकेंगे। वर्तमान में संचालित प्रयोगशाला में केवल सामान्य पानी की जांच की सुविधा उपलब्ध है, जो सीवरेज के पानी के जटिल मापदंडों को मापने के लिए पर्याप्त नहीं थी। इसी कमी को दूर करने के लिए 40 लाख रुपये का बजट आवंटित किया गया है। इस राशि से प्रयोगशाला के बुनियादी ढांचे को बढ़ाया जा रहा है। नए विशेष खंड तैयार किए जा रहे हैं। जिला केमिस्ट नीरज कुमार ने बताया कि सिविल कंस्ट्रक्शन का काम तेजी से चल रहा है। जैसे ही निर्माण कार्य पूरा होगा, विभाग द्वारा अत्याधुनिक मशीनों और वैज्ञानिक उपकरणों का ऑर्डर दे दिया जाएगा। एसटीपी के पानी की जांच के लिए बीओडी, सीओडी और टीएसएस जैसे मानकों को मापना जरूरी होता है, जिसके लिए लैब में नए ऑटोमैटिक एनालाइजर्स स्थापित किए जाएंगे। अभी तक एसटीपी के नमूनों को जांच के लिए अन्य बड़े शहरों या उच्च स्तरीय प्रयोगशालाओं में भेजना पड़ता था। जिससे रिपोर्ट आने में काफी समय लगता था। लैब के विस्तार के बाद जांच रिपोर्ट जल्द प्राप्त होगी। एसटीपी की कार्यक्षमता की नियमित निगरानी हो सकेगी। पर्यावरण नियमों का पालन सुनिश्चित करना आसान होगा। इस परियोजना के पूरा होने से न केवल विभाग को तकनीकी मजबूती मिलेगी, बल्कि यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि शोधित पानी नदियों या खेतों में जाने से पहले पूरी तरह मानकों के अनुरूप हो। ब्यूरो

#NowSTPWaterSamplesWillAlsoBeTested #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 27, 2026, 03:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Ambala News: अब एसटीपी के पानी के नमूनों की भी होगी जांच #NowSTPWaterSamplesWillAlsoBeTested #VaranasiLiveNews