NCP Party Merger: 'शोक अवधि के बाद एनसीपी विलय पर बोलेंगी उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार'; विधायक रोहित का बयान
एनसीपी (एसपी) के विधायक रोहित पवार ने गुरुवार को कहा कि उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार शोक अवधि समाप्त होने के बाद एनसीपी और एनसीपी (एसपी) के संभावित विलय पर अपनी बात सार्वजनिक रूप से रखेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि 28 जनवरी को अजित पवार के निधन के बाद चल रही 13 दिन की शोक अवधि के दौरान इस विषय पर कोई चर्चा नहीं की गई है। '13 दिन पूरे होने दीजिए, सुनेत्रा काकी खुद बोलेंगी' बारामती में पत्रकारों से बात करते हुए रोहित पवार ने कहा 'शोक की अवधि बीत जाने दीजिए, उसके बाद सुनेत्रा काकी स्वयं विलय के मुद्दे पर बोलेंगी। इस समय भावनात्मक रूप से किसी भी राजनीतिक रुख पर बात करना कठिन है।' उन्होंने कहा कि 9 फरवरी के बाद अजित पवार की इच्छाओं को जनता तक पहुंचाने पर खुलकर चर्चा की जाएगी। एनसीपी अध्यक्ष बनाने की मांग रोहित पवार ने दावा किया कि पार्टी के विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और पवार परिवार सभी की सामूहिक भावना है कि सुनेत्रा पवार को एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा "यह हम सबकी इच्छा है कि उपमुख्यमंत्री पद और एनसीपी की राष्ट्रीय अध्यक्षता सुनेत्रा काकी के पास ही रहे।" विलय पर आरोप-प्रत्यारोप से दुखी रोहित पवार रोहित पवार ने विलय को लेकर चल रही बयानबाजी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि यह दुखद है कि कोई भी यह चर्चा नहीं कर रहा कि अजित पवार क्या चाहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ वरिष्ठ नेता इस विषय को अनावश्यक रूप से राजनीतिक रंग दे रहे हैं। विमान हादसे और स्मारक पर भी बोले अजित पवार से जुड़े विमान हादसे को लेकर पूछे गए सवाल पर रोहित पवार ने कहा कि 9 फरवरी के बाद वे इस मामले में पूरी जानकारी साझा करेंगे और नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसी) से भी विवरण मांगा जाएगा। इसके अलावा उन्होंने बताया कि अजित पवार की लगभग 40 वर्षों की सार्वजनिक सेवा को देखते हुए उनके लिए एक संग्रहालय (म्यूजियम) बनाए जाने की मांग है। इस पर चर्चा चल रही है और जल्द ही निर्णय लिया जाएगा। रोहित पवार ने यह भी कहा कि हाल के दिनों में पवार परिवार के दोनों पक्षों के बीच दूरी कम हुई है और सभी एक-दूसरे के कार्यक्रमों में शामिल हो रहे हैं।
#IndiaNews #National #NcpPartyMerger #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 05, 2026, 18:05 IST
NCP Party Merger: 'शोक अवधि के बाद एनसीपी विलय पर बोलेंगी उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार'; विधायक रोहित का बयान #IndiaNews #National #NcpPartyMerger #VaranasiLiveNews
