Bihar News: मुकेश सहनी ने किया समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय का घेराव, पप्पू सहनी एनकाउंटर को बताया फर्जी
मुजफ्फरपुर में वीआईपी पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी मंगलवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में एटीएम फ्रॉड गिरोह के सरगना पप्पू सहनी के एनकाउंटर में हुई मौत को फर्जी बताते हुए पुलिस की कार्रवाई पर गंभीर सवाल उठाए और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। एनकाउंटर को लेकर सियासी हलचल तेज दरअसल, एटीएम फ्रॉड गिरोह के सरगना पप्पू सहनी का बेला थाना की पुलिस के साथ एनकाउंटर हुआ था। बताया जाता है कि मुठभेड़ के दौरान पप्पू सहनी ने पुलिस जवान विकास कुमार को गोली मार दी थी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई, जिसमें कुख्यात पप्पू सहनी को दो गोलियां लगी थीं। गंभीर रूप से घायल पप्पू सहनी की अगले दिन इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से ही मामले को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। काली पट्टी बांधकर निकाला जुलूस मंगलवार दोपहर वीआईपी पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ मुजफ्फरपुर पहुंचे। प्रदर्शन से पहले वह कांग्रेस कार्यालय गए, जहां से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हाथों में काली पट्टी बांधकर जुलूस की शक्ल में एसएसपी कार्यालय पहुंचे और जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान मुकेश सहनी ने एसएसपी से मुलाकात कर पप्पू सहनी एनकाउंटर मामले की जांच में तेजी लाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद प्रशासन को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करना चाहिए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। ये भी पढ़ें:सहरसा में BA के छात्र ने फंदे से लटककर दी जान, खिड़की से झांकते ही उड़े मकान मालिक के होश पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप मुकेश सहनी ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि पप्पू सहनी निर्दोष था और पुलिस ने उसे फर्जी एनकाउंटर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि घायल होने के बाद उसके इलाज में भी लापरवाही बरती गई। मुकेश सहनी ने कहा कि उन्होंने पहले भी इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की थी, लेकिन अब तक जांच की रफ्तार काफी धीमी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही मामले में कार्रवाई नहीं हुई और सच्चाई सामने नहीं आई तो इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
#CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 10, 2026, 16:10 IST
Bihar News: मुकेश सहनी ने किया समर्थकों के साथ एसएसपी कार्यालय का घेराव, पप्पू सहनी एनकाउंटर को बताया फर्जी #CityStates #Bihar #Muzaffarpur #BiharNews #MuzaffarpurNews #VaranasiLiveNews
