Hisar News: प्रॉपर्टी आईडी की खामियां दूर करने में जुटा नगर निगम
हिसार। शहरवासियों को प्रॉपर्टी टैक्स और प्रॉपर्टी आईडी की त्रुटियों से निजात दिलाने के लिए नगर निगम प्रशासन लगातार कदम उठा रहा है। अब निगम प्रशासन ने शहर के विभिन्न सेक्टरों, कॉलोनियों और मंडियों की संपत्तियों का रिकॉर्ड दुरुस्त करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी), हाउसिंग बोर्ड और हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड (मार्केटिंग बोर्ड) से उनके अधीन आने वाले खाली प्लॉटों का विस्तृत डाटा मांगा गया है। तीनों विभागों से आधिकारिक डाटा मिलने के बाद निगम अपने रिकॉर्ड का मिलान करेगा। इससे संपत्तियों का प्रामाणिक ब्योरा तैयार करने के साथ प्रॉपर्टी आईडी में लंबे समय से चली आ रही खामियों को दूर करने में मदद मिलेगी।इस कार्य को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने के लिए निगमायुक्त सी जयाश्रद्धा ने प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच और बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारियों व कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है। दोनों शाखाओं के कार्यों का स्पष्ट बंटवारा किया गया है जिससे रिकॉर्ड की जांच में देरी और लापरवाही की गुंजाइश न रहे।खाली प्लॉटों का होगा भौतिक सत्यापन :योजना के तहत प्रॉपर्टी टैक्स ब्रांच के अधिकारियों और कर्मचारियों को शहर के विभिन्न सेक्टरों, कॉलोनियों और मंडियों में खाली प्लॉटों का भौतिक सत्यापन करने की जिम्मेदारी दी गई है। इस दौरान मौके पर संपत्तियों की वास्तविक स्थिति और निगम के रिकॉर्ड का मिलान किया जाएगा। खाली प्लॉटों के रिकॉर्ड और टैक्स निर्धारण में सामने आने वाली गड़बड़ियों को भी चिह्नित कर ठीक किया जाएगा।संदिग्ध प्रॉपर्टी आईडी की होगी जांच :वहीं बिल्डिंग ब्रांच के अधिकारी संदिग्ध प्रॉपर्टी आईडी की गहन पड़ताल करेंगे। इसमें उन आईडी को प्राथमिकता दी जाएगी जिनके दस्तावेजों में विसंगतियां हैं या दर्ज निर्माण क्षेत्र और मौके की वास्तविक स्थिति में अंतर है। जांच के आधार पर रिकॉर्ड में आवश्यक सुधार किए जाएंगे।शिकायतों के स्थायी समाधान पर जोर : निगमायुक्त सी जयाश्रद्धा का उद्देश्य प्रॉपर्टी टैक्स और आईडी से जुड़ी नागरिकों की शिकायतों को कम करना है। रिकॉर्ड दुरुस्त होने से शहरवासियों को नाम, क्षेत्रफल और मालिकाना हक जैसी त्रुटियां ठीक करवाने के लिए निगम कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। इस पहल से संपत्ति संबंधी रिकॉर्ड में पारदर्शिता बढ़ने के साथ निगम की कार्यप्रणाली भी अधिक व्यवस्थित होगी।------हमारी ओर से एचएसवीपी, हाउसिंग बोर्ड और मार्केटिंग बोर्ड से खाली प्लॉटों का डाटा मांगा गया है। ऐसा इसलिए किया है ताकि निगम का डाटा अपडेट हो सके। इससे प्रॉपर्टी आईडी संबंधी व्यवस्थाएं भी बेहतर हो सकेंगी। - दीपक गोयल, डीएमसी, नगर निगम हिसार
#MunicipalCorporationWorkingToAddressFlawsInPropertyIDs #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 26, 2026, 00:45 IST
Hisar News: प्रॉपर्टी आईडी की खामियां दूर करने में जुटा नगर निगम #MunicipalCorporationWorkingToAddressFlawsInPropertyIDs #VaranasiLiveNews
