Bihar News: बोरे में बंद मिली युवती की लाश, गंगा घाट पर शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस
बिहार के मुंगेर जिले में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब बरियारपुर थाना क्षेत्र के बंगाली टोला गंगा घाट के पास एक बंद बोरे से युवती का शव बरामद हुआ। गंगा किनारे टहलने गए लोगों की नजर एक संदिग्ध बोरे पर पड़ी, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने बोरा खुलवाया तो अंदर युवती का शव देखकर हर कोई सन्न रह गया। गंगा घाट पर संदिग्ध बोरा मिलने से मचा हड़कंप जानकारी के अनुसार, बंगाली टोला गंगा घाट के पास लोगों ने एक पीले रंग का बोरा देखा। बोरे से तेज बदबू आने पर लोगों को शक हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत बरियारपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बोरे को खुलवाया गया। बोरे के अंदर करीब 27 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में भीड़ जुट गई और पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि युवती की हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के लिए शव को बोरे में बंद कर गंगा किनारे फेंका गया है। शव की हालत देखकर लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। पुलिस के अनुसार युवती ने नेवी ब्लू रंग की जींस और आसमानी रंग की छिंटदार कुर्ती पहन रखी थी। शव की स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसकी मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी। फॉरेंसिक टीम ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही बरियारपुर प्रभारी थानाध्यक्ष चंदन कुमार, नयारामनगर थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार वर्मा और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। ये भी पढ़ें:भीषण गर्मी बनी जानलेवा! मजदूरी करते-करते सड़क किनारे गिरे शख्स की मौत, परिजनों ने कही बड़ी बात युवती की पहचान में जुटी पुलिस फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों का मिलान कर युवती की पहचान करने की कोशिश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा कर दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
#CityStates #Crime #Bihar #Munger #BiharNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 28, 2026, 18:34 IST
Bihar News: बोरे में बंद मिली युवती की लाश, गंगा घाट पर शव मिलने से फैली सनसनी, जांच में जुटी पुलिस #CityStates #Crime #Bihar #Munger #BiharNews #VaranasiLiveNews
