MP Weather Today: नौतपा का बदला मिजाज, दिन में आग उगल रहा सूरज, शाम को बरस रहे ओले, कई जिलों में लू का अलर्ट
एमपी में नौतपा के बीच मौसम का अजीब रंग देखने को मिल रहा है। एक तरफ तेज धूप और लू लोगों को झुलसा रही है, तो दूसरी तरफ आंधी, बारिश और ओलावृष्टि राहत दे रही है। गुरुवार को दमोह समेत कई जिलों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी ग्वालियर समेत 6 जिलों में दिन में लू चलेगी, जबकि शाम को मौसम पलट सकता है। मौसम विभाग ने ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में हीटवेव का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में दोपहर के समय भीषण गर्मी पड़ने की संभावना है। वहीं भोपाल, जबलपुर समेत 27 जिलों में लू का यलो अलर्ट है। कई शहरों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। प्रदेश के 10 शहरों में पारा 45 डिग्री के पार नौतपा के चौथे दिन गुरुवार को प्रदेश के कई शहरों में गर्मी ने रिकॉर्ड तोड़े। खजुराहो 46.5 डिग्री तापमान के साथ सबसे गर्म रहा। राजगढ़ में 46 डिग्री, दतिया में 45.7 डिग्री, नौगांव, दमोह और मलाजखंड में 45.5 डिग्री, टीकमगढ़ में 45.2 डिग्री तथा सतना में 45.1 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। बड़े शहरों में ग्वालियर का तापमान 44.7 डिग्री, जबलपुर 44 डिग्री, भोपाल 43.8 डिग्री, उज्जैन 42.5 डिग्री और इंदौर 41.8 डिग्री सेल्सियस रहा। 30 मई से बदलेगा मौसम, बारिश का दौर होगा तेज मौसम विभाग के अनुसार 30 मई से प्रदेश में मौसम पूरी तरह बदल सकता है। अगले तीन दिन तक कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि की संभावना है। 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। राहत की बात यह है कि 30 मई से 1 जून तक प्रदेश में कहीं भी हीटवेव का अलर्ट नहीं है। यह भी पढ़ें-हरियाली बचाने सड़क पर उतरे भोपालवासी, 7871 पेड़ों के लिए शोक सभा,फूल, अगरबत्ती और मौन विरोध आज इन जिलों में अलर्ट 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: ग्वालियर, मुरैना, श्योपुर, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर। 27 जिलों में लू का यलो अलर्ट: भोपाल, विदिशा, रायसेन, सागर, गुना, अशोकनगर, शिवपुरी, नरसिंहपुर, नीमच, मंदसौर, आगर-मालवा, राजगढ़, शाजापुर, सीहोर, जबलपुर, दमोह, कटनी, पन्ना, सतना, मैहर, उमरिया, शहडोल, खरगोन, भिंड, दतिया, खंडवा और बुरहानपुर। इन जिलों में आंधी-बारिश की चेतावनी: छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, अनूपपुर, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली। यह भी पढ़ें-बशीर बद्र के निधन से अदब की दुनिया में शोक, भोपाल के शोधकर्ता ने बताईं यादें दोपहर में बरतें सावधानी मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 से 3 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। पर्याप्त पानी पीने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। नौतपा के बीच प्रदेश में गर्मी और बारिश का यह मिला-जुला दौर अगले कुछ दिन जारी रह सकता है।
#CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #Ujjain #Gwalior #Jabalpur #Morena #Sehore #Satna #Sagar #Umaria #Chhindwara #Chhatarpur #Mandsaur #Mandla #Bhind #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 29, 2026, 07:05 IST
MP Weather Today: नौतपा का बदला मिजाज, दिन में आग उगल रहा सूरज, शाम को बरस रहे ओले, कई जिलों में लू का अलर्ट #CityStates #Bhopal #MadhyaPradesh #Ujjain #Gwalior #Jabalpur #Morena #Sehore #Satna #Sagar #Umaria #Chhindwara #Chhatarpur #Mandsaur #Mandla #Bhind #VaranasiLiveNews
