मातृभाषाएं भविष्य की संभावनाओं का आधार : डॉ. दिनेश शर्मा

कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मातृभाषाओं का भविष्य विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए विद्वानों ने मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन पर अपने विचार साझा किए। कार्यक्रम में हिंदू कॉलेज अलीगढ़ के प्राचार्य डॉ. दिनेश शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कहा कि मातृभाषाएं भविष्य की संभावनाओं का आधार हैं। उन्होंने विद्यार्थियों में भाषाई गौरवबोध विकसित करने का आह्वान किया और कहा कि किसी भी राष्ट्र की बौद्धिक, सांस्कृतिक और नैतिक प्रगति उसकी मातृभाषा की सुदृढ़ता पर निर्भर करती है। हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो. पुष्पा रानी ने मातृभाषा को हमारी पहचान, संस्कृति और राष्ट्रीय अस्मिता का मूल बताया और कहा कि जो राष्ट्र अपनी जड़ों से जुड़े रहते हैं, वही विश्व मंच पर मजबूत बनते हैं। उन्होंने बताया कि अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस 21 फरवरी को मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य भाषाओं का संरक्षण है। विशिष्ट अतिथि मीरा कॉलेज मानसा से डॉ. राकेश दुबे ने हिंदी को चिंतन और सृजन की सशक्त भाषा बताया। मुख्य वक्ता केशव देव शर्मा (जीजीडीएसडी कॉलेज पलवल) ने कहा कि मातृभाषा का भविष्य नीतियों से अधिक हमारे दैनिक व्यवहार पर निर्भर करता है। अति विशिष्ट अतिथि सरिता विश्वकर्मा (बिरसा मुंडा कॉलेज दार्जिलिंग) ने हिंदी के निर्भीक प्रयोग पर बल दिया। पंजाबी विभाग के गुरप्रीत सिंह ने पंजाबी के वैश्विक प्रसार को उसकी जीवंतता का प्रमाण बताया।प्रो. एसके गुप्ता ने विज्ञान और तकनीक के युग में भी मातृभाषा की उपयोगिता रेखांकित की। अंतरराष्ट्रीय धावक परमवीर चौहान ने विद्यार्थियों को दृढ़ संकल्प के साथ अपनी मातृभाषा को विश्व स्तर पर प्रतिष्ठित करने का संदेश दिया। इस मौके पर प्रो. एसके गुप्ता, प्रो. अनामिका गिरधर, डॉ. गुरप्रीत सिंह, जसवीर, डॉ. मनजीत सिंह, शोधार्थी ऋचा सहित अन्य सदस्य एवं विद्यार्थी मौजूद रहे। संवाद

#MotherTonguesAreTheBasisOfFuturePossibilities:Dr.DineshSharma #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 21, 2026, 03:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




मातृभाषाएं भविष्य की संभावनाओं का आधार : डॉ. दिनेश शर्मा #MotherTonguesAreTheBasisOfFuturePossibilities:Dr.DineshSharma #VaranasiLiveNews