Meerut News: रमजान की आमद पर मस्जिदों में रोशनी, अकीदत से अदा की तरावीह
संवाद न्यूज एजेंसी सरूरपुर। रमजान का पाक महीना बृहस्पतिवार से शुरू हो रहा है। इसे लेकर बुधवार की रात क्षेत्र की मस्जिदों में तरावीह की नमाज अकीदत और एहतराम के साथ अदा की गई। रमजान के आगमन को लेकर मस्जिदों को रोशनी से सजाया गया। वहीं, अकीदतमंदों में खास उत्साह देखने को मिला। तरावीह के दौरान कुरआन-ए-पाक की तिलावत की गई। मुल्क व कौम की सलामती के लिए दुआएं मांगी गई।रमजान शुरू होते ही रोजो का सिलसिला भी शुरू होगा। पहले रोजे के लिए सहरी और इफ्तार की तैयारियां घर-घर में दिखाई दी। बाजारों में खजूर, सेवई, फल और रोजमर्रा की जरूरत के सामान की खरीदारी बढ़ गई है। मस्जिदों में रोजाना फज्र, जोहर, असर, मगरिब और ईशा की नमाज के साथ तरावीह का विशेष इंतजाम किया गया है।मुफ्ती इसराईल ने बताया कि यह महीना इबादत, सब्र और इंसानियत का पैगाम देता है। रमजान सिर्फ भूखे-प्यासे रहने का नाम नहीं है बल्कि अपने किरदार को बेहतर बनाने, बुराइयों से दूर रहने और जरूरतमंदों की मदद करने का महीना है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह रोजो के साथ-साथ नमाज, कुरआन की तिलावत और सदका-खैरात पर खास तवज्जो दें।रमजान के दौरान मस्जिदों में भीड़ को देखते हुए कमेटियों की ओर से साफ-सफाई, पानी और बिजली की व्यवस्था की गई है। वहीं प्रशासन की ओर से भी शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई है। अकीदतमंदों ने उम्मीद जताई कि यह पाक महीना सबके लिए अमन, चैन और बरकत लेकर आएगा।
#MosquesIlluminatedOnTheArrivalOfRamadan #TaraweehPerformedWithDevotion #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 18, 2026, 20:29 IST
Meerut News: रमजान की आमद पर मस्जिदों में रोशनी, अकीदत से अदा की तरावीह #MosquesIlluminatedOnTheArrivalOfRamadan #TaraweehPerformedWithDevotion #VaranasiLiveNews
