थोड़ा इंतजार और: दो दिन में दस्तक देगा मानसून, पंजाब के गर्मी से झुलस रहे लोगों को मिलेगी राहत
पंजाब के कुछ हिस्सों में अगले 2 से 3 दिनों में मानसून दस्तक दे सकता है। मौसम विभाग के चंडीगढ़ केंद्र के डायरेक्टर सुरिंदर पाल के मुताबिक अगले 2 से 3 दिन मानसून के लिए पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा की ओर बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल हैं। डायरेक्टर ने बताया कि इस बीच बुधवार को पंजाब में प्री मानसून की बारिश होगी। मौसम विभाग ने पंजाब में बुधवार से छह जुलाई तक यलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान पंजाब के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी और बारिश होगी। खास तौर से दो जुलाई से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। इससे 4 जुलाई तक पंजाब में भारी बारिश होगी। बारिश से पंजाब के तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे बीते कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मंगलवार को पंजाब में कुछ जगहों पर हल्की बारिश से तापमान में 1.6 डिग्री की कमी दर्ज की गई। फिलहाल पारा सामान्य से 2.3 डिग्री ऊपर दर्ज किया गया। सबसे अधिक 43.8 डिग्री का तापमान फरीदकोट का दर्ज किया गया। पंजाब के न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। यह सामान्य से 3.2 डिग्री ऊपर बना है। इससे पंजाब में कुछ जगहों पर वार्म नाइट की स्थिति बनी रही। प्रमुख शहरों का तापमान अमृतसर का अधिकतम पारा 37.2 डिग्री, लुधियाना का 38.8 डिग्री, पटियाला का 37.3 डिग्री, पठानकोट का 35.3 डिग्री, बठिंडा का 43.2 डिग्री, फाजिल्का का 40.5 डिग्री, फिरोजपुर का 36.4 डिग्री, होशियारपुर का 35.5 डिग्री, रूपनगर का 39.9 डिग्री दर्ज किया गया। अमृतसर का न्यूनतम पारा 30.3 डिग्री, लुधियाना का 28.6 डिग्री, पटियाला का 29.8 डिग्री, पठानकोट का 26.7 डिग्री, बठिंडा का 32.9 डिग्री, गुरदासपुर का 27.0 डिग्री और एसबीएस नगर का 27.1 डिग्री दर्ज किया गया।
#CityStates #Patiala #Chandigarh-punjab #MonsoonInPunjab #RainAlert #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 01, 2026, 05:15 IST
थोड़ा इंतजार और: दो दिन में दस्तक देगा मानसून, पंजाब के गर्मी से झुलस रहे लोगों को मिलेगी राहत #CityStates #Patiala #Chandigarh-punjab #MonsoonInPunjab #RainAlert #VaranasiLiveNews
