मिशन एडमिशन : आईटीआई की 65 फीसदी सीटें खाली, पंजीकरण के लिए बचे सिर्फ चार दिन
सोनीपत। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया अपेक्षित गति नहीं पकड़ सकी है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 30 जून में अब महज चार दिन शेष है लेकिन अब तक केवल 35 फीसदी सीटों पर ही आवेदन हो पाए हैं। ऐसे में संस्थानों के समक्ष निर्धारित प्रवेश लक्ष्य हासिल करना चुनौतीपूर्ण बनता जा रहा है।सोनीपत आईटीआई में 24 ट्रेड की कुल 844 सीटें उपलब्ध हैं जबकि अब तक सिर्फ 303 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया है। इसके चलते करीब 65 फीसदी सीटें अभी भी रिक्त हैं। शेष बचे दिनों में इन सीटों को भरना प्रबंधन के लिए आसान नहीं होगा। प्रवेश प्रक्रिया में सबसे बड़ी बाधा पोर्टल पर ट्रेड विकल्पों का उपलब्ध नहीं होना माना जा रहा है। विद्यार्थियों का कहना है कि उन्हें यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि किस संस्थान में कौन-कौन से ट्रेड उपलब्ध हैं और उनकी सीटों की स्थिति क्या है। ऐसे में अनेक छात्र-छात्राएं पंजीकरण कराने को लेकर असमंजस में हैं और आवेदन प्रक्रिया में रुचि नहीं दिखा रहे हैं।कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण निदेशालय ने 2 जून को ऑनलाइन पोर्टल शुरू किया था लेकिन अब तक उस पर केवल सीटों का विवरण ही उपलब्ध कराया गया है। ट्रेड संबंधी विकल्प और विस्तृत जानकारी के अभाव को लेकर संस्थान स्तर से निदेशालय को शिकायत भी भेजी जा चुकी है मगर अभी तक इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। पंजीकरण की समय-सीमा समाप्त होने में अब बहुत कम समय बचा है। ऐसे में यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो न केवल बड़ी संख्या में सीटें खाली रह सकती हैं बल्कि अनेक विद्यार्थी भी तकनीकी शिक्षा से वंचित हो सकते हैं।ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया 30 जून तक जारी रहेगी। ट्रेड विकल्प उपलब्ध नहीं होने के कारण विद्यार्थियों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है। निदेशालय को इस संबंध में अवगत कराया जा चुका है। उन्होंने इच्छुक विद्यार्थियों से समय रहते पंजीकरण कराकर प्रवेश सुनिश्चित करने की अपील की।- विक्रम सिंह, प्राचार्य, आईटीआई सोनीपत
#MissionAdmission:65%OfITISeatsVacant;OnlyFourDaysLeftForRegistration. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 21:11 IST
मिशन एडमिशन : आईटीआई की 65 फीसदी सीटें खाली, पंजीकरण के लिए बचे सिर्फ चार दिन #MissionAdmission:65%OfITISeatsVacant;OnlyFourDaysLeftForRegistration. #VaranasiLiveNews
