राजस्थान: सब्जी मंडी में कचरे के ढेर में लगी आग, धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी; तीन दमकलों ने टाला बड़ा हादसा

बालोतरा शहर की प्रमुख सब्जी मंडी में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मंडी परिसर में पड़े कचरे के बड़े ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में धुएं का घना गुबार फैल गया। घटना के दौरान मंडी में मौजूद व्यापारियों और ग्राहकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। आग लगने की सूचना मिलते ही नगर परिषद और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। नगर परिषद की तीन दमकल गाड़ियों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। समय रहते कार्रवाई होने से आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंच सकी और एक बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंडी परिसर में लंबे समय से कचरे के ढेर जमा थे। अचानक उनमें आग लगने से कुछ ही मिनटों में काला धुआं पूरे बाजार क्षेत्र में फैल गया। शुरुआत में व्यापारियों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने लगी, जिसके बाद प्रशासन को सूचना दी गई। आग की लपटें कचरे के ढेर से बढ़कर पास में रखी सब्जियों की प्लास्टिक कैरेट तक पहुंच गईं। इससे कई कैरेट जलकर नष्ट हो गईं। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता के कारण दुकानों और व्यापारियों को किसी बड़े नुकसान से बचा लिया गया। धुएं के कारण कुछ समय के लिए मंडी की व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित रहीं। कई दुकानदार एहतियात के तौर पर अपनी दुकानों से बाहर निकल आए और सामान सुरक्षित स्थानों पर हटाने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। ये भी पढ़ें- Rajasthan ANTF News: जब 'मोहनथाल' बन गया मुखबिर! एक मिठाई के डब्बे से ड्रग माफिया कैसे चढ़ा पुलिस के हत्थे स्थानीय व्यापारियों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले भी सब्जी मंडी में भीषण आग लग चुकी है, जिससे कई व्यापारियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा था। इसके बावजूद मंडी में कचरा प्रबंधन और नियमित सफाई की व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो सका है। घटना के बाद व्यापारियों ने प्रशासन से मंडी परिसर में नियमित सफाई और कचरे के समयबद्ध निस्तारण की मांग की है। उनका कहना है कि प्रतिदिन निकलने वाले जैविक और अन्य कचरे का उचित प्रबंधन नहीं होने से आग जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि कचरे के ढेर में किसी चिंगारी या अन्य कारण से आग भड़की हो सकती है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और किसी के घायल होने की सूचना भी नहीं है।

#CityStates #Balotra #Rajasthan #BalotraNews #BalotraVegetableMarketFire #RajasthanNews #FireInSabziMandi #BalotraFireNews #RajasthanFireIncident #NagarParishadBalotra #FireBrigadeBalotra #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 22, 2026, 01:06 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजस्थान: सब्जी मंडी में कचरे के ढेर में लगी आग, धुएं के गुबार से मची अफरा-तफरी; तीन दमकलों ने टाला बड़ा हादसा #CityStates #Balotra #Rajasthan #BalotraNews #BalotraVegetableMarketFire #RajasthanNews #FireInSabziMandi #BalotraFireNews #RajasthanFireIncident #NagarParishadBalotra #FireBrigadeBalotra #VaranasiLiveNews