सिवनी में भीषण अग्निकांड: सर्राफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम

सिवनी जिले से एक बेहद दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई है। सिवनी जिले के छपारा नगर स्थित महावीर वार्ड के जैन मोहल्ले में सोमवार तड़के एक मकान में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक अग्निकांड में झुलसने के कारण एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई है। डॉक्टरों ने सभी 6 लोगों की मौत की पुष्टि कर दी है, जिनमें दो पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार, यह भीषण हादसा छपारा के महावीर वार्ड में रहने वाले प्रसिद्ध सर्राफा व्यापारी कुंदन सोनी के मकान में हुआ। सोमवार सुबह करीब 3 बजे जब पूरा परिवार गहरी नींद में सोया हुआ था, तभी अचानक मकान में अज्ञात कारणों से आग भड़क उठी। रात का समय होने के कारण घर के लोगों को संभलने और बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी आगोश में ले लिया और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। ये भी पढ़ें-मध्य प्रदेश में दिवाली पर भीषण अग्निकांड: कटनी में पूजा के बाद तीन मंजिला इमारत में लगी आग, छह लोगों की मौत मकान से आग की ऊंची लपटें और धुआं उठता देख आसपास के रहवासियों में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचित किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, दमकल की कई गाड़ियां और एंबुलेंस तुरंत मौके पर पहुंचीं। फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद सुबह तक घर में फंसे लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक छह लोगों की सांसें थम चुकी थीं। इस हादसे में जान गंवाने वालों में 4 महिलाएं और 2 पुरुष हैं। मौके पर अभी भी व्यापक स्तर पर रेस्क्यू और सर्च ऑपरेशन जारी है। सिवनी में लखनादौन के एसडीओपी अपूर्व भलावी ने बताया कि मकान में 10 लोग मौजूद थे जिसमें से छह लोगों की मौत हुई है चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया है जिन्हें अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया है। मृतकों में कुंदन लाल सोनी (75), राजकुमारी सोनी (65), ऋतु सोनी (42), स्मृति सोनी (40), सूर्या सोनी (45) और आदित्य सोनी (16) शामिल हैं। वहीं, अमायरा सोनी (7), रितेश सोनी (45), सौरभ सोनी (43) और आकर्ष सोनी (14) को सुरक्षित बचा लिया गया है।

#CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Seoni #SeoniIncidentNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 09, 2026, 08:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




सिवनी में भीषण अग्निकांड: सर्राफा व्यापारी के मकान में आग लगने से छह लोगों की दर्दनाक मौत, इलाके में मातम #CityStates #Crime #MadhyaPradesh #Seoni #SeoniIncidentNews #VaranasiLiveNews