क्रॉप सर्वे में बड़ी गड़बड़ी : पानीपत के 30 गांवों की लोकेशन मिस्र देश में मिली
पानीपत। सरकार द्वारा पारदर्शी ढंग से फसलों का ब्योरा दर्ज करने के उद्देश्य से शुरू किए गए डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) ऐप में एक बड़ी तकनीकी खामी उजागर हुई है। मतलौडा तहसील के 36 गांवों में से 30 गांवों का राजस्व रिकॉर्ड गलत जियो-रेफरेंसिंग के कारण देश से बाहर यानी मिस्र (इजिप्ट) में दिखाया जा रहा है। इस गंभीर लापरवाही का खुलासा तब हुआ जब तहसीलदार मतलौडा, कानूनगो, पटवारियों और डीसीएस मास्टर ट्रेनर्स के साथ भंडारी व उरलाना खुर्द गांव में मौके पर सर्वे करने पहुंचे थे।तहसीलदार मतलौडा ने उपायुक्त को आधिकारिक रिपोर्ट भेजी है। उन्होंने रिपोर्ट में बताया कि जब पटवारियों के मोबाइल में मौजूद ऐप के जरिए खसरा नंबरों की लोकेशन खोली तो पता चला कि सर्वे का काम सुचारू रूप से चलना पूरी तरह असंभव है। जांच में पाया गया कि तहसील के रेरकलां, धर्मगढ़, शेरा, शादीपुर, जोशी, नारा, अदियाना, मतलौडा, सुताना, खुखराना, खांडा, बाल जाटान, अलूरा, उरलाना कलां व उरलाना खुर्द समेत 30 गांवों की मैपिंग ऐप में भारत के बजाय इजिप्ट देश में सेट हो गई है।बॉक्सलोड डेटा में गलती सुधारने या डिलीट करने का विकल्प नहींरिपोर्ट में डीसीएस ऐप से जुड़ी 12 मुख्य समस्याओं को प्रमुखता से दर्ज किया गया है। इनमें कमजोर मोबाइल नेटवर्क, धुंधली सीमाएं और खेतों में पानी भरा होने के कारण जीपीएस लोकेशन से मैच करना बेहद मुश्किल हो रहा है। किसान के लगातार 10 खसरा नंबरों में एक ही फसल (जैसे धान या गन्ना) होने पर भी हर खसरे का डेटा अलग से भरना पड़ता है। इसके अलावा एक बार अपलोड हुए डेटा में गलती सुधारने या डिलीट करने का कोई विकल्प मौजूद नहीं है। फोटो खींचते समय ऐप बार-बार लाइटिंग इम्बैलेंस का एरर दिखाता है। इसके अलावा, फील्ड स्टाफ के पास लो-ग्रेड मोबाइल फोन होने से कम बैटरी और नेटवर्क के कारण ऐप ठीक से नहीं चल पा रहा है। गन्ने और ज्वार जैसी लंबी फसलों के बीच जीपीएस लोकेशन पॉइंट तक पहुंचने के चक्कर में कर्मचारियों को जहरीले सांप, नेवले और आवारा नीलगायों के हमले का डर बना रहता है। वर्जन : मतलौडा तहसील के 30 गांव की लोकेशन देश से बाहर मिस्र देश में दिखा रहा है। इसकी सूची संलग्न कर उच्चाधिकारियों के माध्यम से निदेशालय को भेजी गई है। धरातल पर शत-प्रतिशत सटीक क्रॉप सर्वे करने के लिए इन कमियों को दूर करना जरूरी है। इसके बिना यह संभव नहीं हो पाएगा। नवदीप नैन, एसडीएम, इसराना-पानीपत।
#MajorDiscrepancyInCropSurvey:LocationsOf30PanipatVillagesFoundInEgypt. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 01, 2026, 06:04 IST
क्रॉप सर्वे में बड़ी गड़बड़ी : पानीपत के 30 गांवों की लोकेशन मिस्र देश में मिली #MajorDiscrepancyInCropSurvey:LocationsOf30PanipatVillagesFoundInEgypt. #VaranasiLiveNews
