Una News: भूमि विवाद सुलझा, चुरुडू-लोहारली पुल निर्माण ने फिर पकड़ी रफ्तार

बड़ूही (ऊना)। करीब एक वर्ष से भूमि विवाद के कारण बंद पड़ा चुरुडू-लोहारली पुल का निर्माण कार्य मंगलवार को आखिरकार दोबारा शुरू हो गया। प्रशासन की पहल, दोनों पक्षों के बीच बनी सहमति और पुलिस बल की मौजूदगी में निर्माण एजेंसी ने निर्माण कार्य फिर से आरंभ कर दिया। निर्माण कार्य शांतिपूर्ण ढंग से हो, इसे लेकर मंगलवार सुबह से मौके पर पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह बंटू, ग्राम पंचायत चुरुडू की प्रधान नीलम देवी, ब्लॉक समिति सदस्य मनजीत कौर, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। अधिकारियों ने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।करीब 50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का गगरेट विधानसभा क्षेत्र की ओर का हिस्सा पहले ही तैयार हो चुका है। वहीं चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र की ओर भूमि विवाद के चलते निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से बंद पड़ा था। प्रशासन ने दोनों पक्षों के साथ कई दौर की बातचीत कर समाधान निकाला, जिसके बाद मंगलवार को निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया गया।ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल वर्षों से क्षेत्र की सबसे बड़ी जरूरत है। निर्माण रुकने के कारण लोगों को रोजमर्रा के आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब कार्य शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि जल्द ही पुल बनकर तैयार होगा और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।ग्रामीण स्वर्ण सिंह ढिल्लों, अनिता कुमारी, अश्वनी कुमार, नरेश कुमार, रघुदत्त, पवन कुमार, रणवीर सिंह और संदीप ठाकुर ने कहा कि पुल बनने से गगरेट और चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्रों के बीच संपर्क और मजबूत होगा। लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता गौरव शर्मा ने बताया कि पुल का निर्माण कार्य पिछले एक वर्ष से बंद था। मंगलवार को शांतिपूर्ण माहौल में इसे फिर से शुरू कर दिया गया है।

#UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 15, 2026, 00:22 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: भूमि विवाद सुलझा, चुरुडू-लोहारली पुल निर्माण ने फिर पकड़ी रफ्तार #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #VaranasiLiveNews