Chamba News: लाहौल स्पीति-पांगी सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल

जाहलमा पुल के पास भूस्खलन से हुआ था बंद शाम सात से सुबह सात बजे तक नहीं होगी आवाजाहीसंवाद न्यूज एजेंसीपांगी (चंबा)। लाहौल स्पीति-पांगी सड़क बीआरओ की टीम ने 20 घंटे बाद छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर बड़ी राहत प्रदान की है। जाहलमा पुल के पास बार-बार हो रहे भूस्खलन से लाहौल-स्पीति-पांगी मार्ग पर वाहनों की रफ्तार बुधवार दिन के समय फिर से थम गई। लिहाजा, सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल होने के बाद अब शाम सात से लेकर सुबह सात बजे तक आवाजाही के लिए पहले की तरह ही बंद रहेगी। बीआरओ की ओर से हरी झंडी देने के बाद ही सड़क पर रात को यातायात बहाल किया जा सकता है। जनजातीय क्षेत्र पांगी से शिमला और धर्मशाला को लिए पांगीवासी लाहौल स्पीति-पांगी सड़क से होकर आवाजाही करते हैं। रोजाना इसी सड़क से सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है लेकिन, बीते मंगलवार को साफ मौसम के बीच अचानक सुबह के समय जाहलमा पुल के समीप पहाड़ी से भूस्खलन हुआ और सड़क बंद हो गई। बीआरओ की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद बुधवार को मार्ग बहाल तो कर दिया लेकिन दोपहर बाद दो बजे फिर से हुए भूस्खलन ने रफ्तार पर रोक लगा दी। सड़क बंद होने की सूचना मिलने के बाद बीआरओ की टीम ने मोर्चा संभालते हुए सड़क को बहाल करने का कार्य आरंभ किया। देर रात तक मार्ग बहाल न होने पर बीआरओ ने वीरवार सुबह मार्ग बहाली का कार्य करने का निर्णय लिया। वीरवार सुबह 10 बजे सड़क छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दी। मंगलवार शाम से ही बीआरओ के परामर्श के बाद पांगी प्रशासन ने शाम सात से लेकर सुबह सात बजे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। एसडीएम पांगी अमनदीप ने बताया कि लाहौल स्पीति-पांगी सड़क वीरवार सुबह छोटे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल करवा दी गई है। शाम सात से लेकर सुबह सात बजे तक मार्ग पर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। बताया कि बीआरओ के आगामी परामर्श के बाद ही रात के समय मार्ग बहाल किया जाएगा।

#LahaulSpiti-PangiRoadRestoredForSmallVehicles #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 16:37 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Chamba News: लाहौल स्पीति-पांगी सड़क छोटे वाहनों के लिए बहाल #LahaulSpiti-PangiRoadRestoredForSmallVehicles #VaranasiLiveNews