Bihar: बिहार में आधी रात एनकाउंटर, मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात अपराधी पवन चिंटू; दो पुलिसकर्मी जख्मी
किशनगंज में बुधवार देर रात पुलिस और एक कुख्यात अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। फरिंगगोला स्थित रेलवे गुमटी के पास हुई इस कार्रवाई में अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना पवन कुमार उर्फ चिंटू पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। घायल अपराधी और पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज थाना क्षेत्र के फरिंगगोला इलाके में रेलवे गुमटी के पास कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए जमा हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई और इलाके में जांच अभियान शुरू किया गया। बिना नंबर की बाइक पर भाग रहा था संदिग्ध बुधवार देर रात जांच के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की बाइक पर सवार संदिग्ध युवक को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। जब पुलिस टीम ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पुलिस बल पर फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी की फायरिंग के बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान पुलिस की गोली आरोपी के पैर में जा लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारी, अस्पताल भेजे गए घायल घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने पूरे इलाके को सुरक्षित कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज भेजा। वहीं, पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने भी घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को आगे की कार्रवाई के निर्देश दिए। मौके से हथियार और कारतूस बरामद पुलिस ने घटनास्थल से अपराधी की बिना नंबर की बाइक, एक पिस्टल और कई खाली कारतूस बरामद किए हैं। पूरे मामले की जांच की जा रही है।प्रारंभिक पूछताछ और जांच में घायल अपराधी की पहचान पवन कुमार उर्फ चिंटू के रूप में हुई है। वह कटिहार जिले के रौतारा थाना क्षेत्र का रहने वाला है और लूट, छिनतई तथा चोरी की कई घटनाओं में शामिल अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, उसके गिरोह में बिहार और पश्चिम बंगाल के कई सदस्य शामिल हैं। ये भी पढ़ें-Bihar: मकई सुखाने को लेकर खूनी संघर्ष, दबंगों ने किसान को घेरकर चाकू से गोदा; मौके पर हुई दर्दनाक मौत कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मामले पवन कुमार उर्फ चिंटू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। वह पटना, अररिया, मधुबनी समेत कई जिलों में लूट और अन्य आपराधिक मामलों में वांछित था। पुलिस के अनुसार, किशनगंज जिले में हाल के दिनों में हुई कई छिनतई और चोरी की घटनाओं में भी उसकी और उसके गिरोह की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी और चोरी किए गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) टीम को भी सूचना दे दी गई है।
#CityStates #Purnea #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 21, 2026, 04:03 IST
Bihar: बिहार में आधी रात एनकाउंटर, मुठभेड़ में घायल हुआ कुख्यात अपराधी पवन चिंटू; दो पुलिसकर्मी जख्मी #CityStates #Purnea #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews
