Bihar : ट्रेन में MVI ने पति की हत्या करवाई, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश का राज 34 दिन बाद खुला

सुपौल में मोटर यान निरीक्षक (MVI) के रूप में पदस्थापित महिला को विद्युत कंपनी में कार्यरत अपने पति को मरवाना था तो जहानाबाद निवासी प्रेमी के साथ मिलकर ऐसी साजिश रची कि जानकार चौंक जाएंगे। महिला अधिकारी ने चलती ट्रेन को साजिश का हिस्सा बनाया। ट्रेन में पति को गोली मरवाई, ताकि पुलिस सीमा विवाद में झूलती रहे और मामला कभी सुलझे नहीं। लेकिन, अब रेलवे पुलिस ने ही अनुसंधान कर सारा राज खोल दिया है। ट्रेन में गोली मारे जाने से अब गिरफ्तारी तक की पूरी कहानी समझिए। जनसाधारण एक्सप्रेस में हुई थी सनसनीखेज हत्या कटिहार रेल मंडल में 11 जुलाई को जनसाधारण एक्सप्रेस में सफर कर रहे विद्युतकर्मी देव कुमार गुंजन को अपराधियों ने गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल गुंजन को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद रेलवे पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मृतक की पत्नी ही इस मामले की वादी बनी थी। ये भी पढ़ें-हेलीकॉप्टर से पटना देखना है या इन खास जगहों पर घूमना है बुकिंग शुरू; CM सम्राट ने बताई खूबी जांच में पत्नी ही निकली साजिश की मास्टरमाइंड शुरुआत में मामला अंधेरे में था, लेकिन रेलवे पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, लोकेशन और अन्य सबूतों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। जांच में जो सच सामने आया, उसने सभी को हैरान कर दिया। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पत्नी समित कुमारी ने ही अपने पति की हत्या की पूरी साजिश रची थी। समित कुमारी बिहार सरकार में सुपौल जिले में मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (एमवीआई) के पद पर तैनात हैं। प्रेमी के साथ मिलकर दी चार लाख रुपये की सुपारी पुलिस जांच में सामने आया कि समित कुमारी का जहानाबाद में कार्यरत विद्युतकर्मी अजीत के साथ प्रेम संबंध था। दोनों ने मिलकर देव कुमार गुंजन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके लिए राजू उर्फ धीरज नाम के शूटर को चार लाख रुपये की सुपारी दी गई। योजना के मुताबिक चलती ट्रेन में देव कुमार गुंजन को गोली मार दी गई, ताकि घटना रेलवे के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में उलझ जाए और जांच लंबी खिंचती रहे। चलती ट्रेन को इसलिए बनाया साजिश का हिस्सा पुलिस के अनुसार आरोपियों ने हत्या के लिए ट्रेन को इसलिए चुना, ताकि घटना के बाद यह तय करने में समय लगे कि मामला किस थाना क्षेत्र का है। उनका मकसद था कि सीमा विवाद में जांच उलझ जाए और पुलिस आसानी से हत्यारों तक नहीं पहुंच सके। लेकिन रेलवे पुलिस ने लगातार अनुसंधान करते हुए पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश कर दिया। 34 दिन बाद तीनों आरोपी गिरफ्तार घटना के 34 दिन बाद कटिहार रेल थाना पुलिस ने समित कुमारी, उसके प्रेमी अजीत और सुपारी किलर राजू उर्फ धीरज को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों से हत्या की पूरी साजिश का खुलासा हो चुका है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

#CityStates #Purnea #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 15, 2026, 18:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Bihar : ट्रेन में MVI ने पति की हत्या करवाई, प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश का राज 34 दिन बाद खुला #CityStates #Purnea #Bihar #BiharNews #VaranasiLiveNews