Kaithal News: कैथल के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा
कैथल। देहरादून स्थित हिमाद्री आइस स्केटिंग रिंक में आयोजित 11वीं आइस हॉकी नेशनल चैंपियनशिप-2026 में कैथल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाया है। हरियाणा की अंडर-18 लड़कों और लड़कियों की टीम में शामिल जिले के आठ खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। हरियाणा की दोनों टीमों ने अपने शुरुआती मुकाबलों में प्रभावशाली जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में मजबूत दावेदारी पेश की है।हरियाणा लड़कों की टीम ने पहले मुकाबले में महाराष्ट्र को 20-0 के विशाल अंतर से हराकर अपनी ताकत का परिचय दिया। इसके बाद दूसरे मैच में तेलंगाना को 8-2 से मात देकर लगातार दूसरी जीत अपने नाम की। दोनों मुकाबलों में टीम का प्रदर्शन संतुलित और आक्रामक रहा। वहीं हरियाणा लड़कियों की टीम ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। टीम ने राजस्थान को 10-0 से पराजित कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से हरियाणा का पलड़ा प्रतियोगिता में मजबूत नजर आ रहा है।चैंपियनशिप में कैथल के राहुल कुंडू, शौर्य नरवाल, भारत कौशिक, अरमान, कनक, अविशी, तन्वी और खुशमन प्रीत हरियाणा की लड़कों एवं लड़कियों की टीमों का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। जिले के खिलाड़ियों के चयन और प्रदर्शन को लेकर खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है। आइस हॉकी एसोसिएशन कैथल के महासचिव हरसिमरन सिंह गुराया ने बताया कि हरियाणा की टीमों ने प्रतियोगिता में शानदार शुरुआत की है। उन्होंने कहा कि कैथल के खिलाड़ी भी लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे है। कैथल आइस हॉकी एसोसिएशन के सदस्य सरदार अंगरेज सिंह गुराया, एडवोकेट सुबे सिंह, भारत शिवाच, शिवचरण नौच, करतार सिंह बलवंती, रजनीश चड्ढा, सौरव मलिक, विक्रांत दुहान, मोहित तथा कोच केशव देहरादून पहुंचे। उन्होंने आइस हॉकी एसोसिएशन ऑफ इंडिया के सचिव हरजिंदर सिंह जिंदी और आइस हॉकी एसोसिएशन हरियाणा के सदस्य प्रभजोत सिंह से मुलाकात की। बैठक में हरियाणा में आइस हॉकी के विस्तार करने पर चर्चा की गई। संवाद
#KaithalPlayersShowedTheirTalent #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 22, 2026, 03:17 IST
Kaithal News: कैथल के खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा #KaithalPlayersShowedTheirTalent #VaranasiLiveNews
