'कानून अपना काम कर रहा': पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर जीतन राम मांझी बोले- छात्रा से जुड़ा मामला बेहद दुखद
बोधगया के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर संयमित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस विषय पर अधिक टिप्पणी करना उचित नहीं है, लेकिन जिस मुद्दे को पप्पू यादव ने उठाया था, वह एक छात्रा से हुई बदसलूकी और उसकी हत्या से जुड़ा अत्यंत दुखद मामला है, जिसकी निंदा सभी को करनी चाहिए। पुराने मामले में हुई कार्रवाई, कानून को करने दें काम केंद्रीय मंत्री ने कहा कि पप्पू यादव ने भावुक होकर छात्रा से जुड़े मामले को उठाया, लेकिन उनकी गिरफ्तारी सीधे उसी प्रकरण में नहीं, बल्कि एक पुराने मामले के आधार पर हुई है। उन्होंने कहा कि कानून को अपना काम करने देना चाहिए और सभी को कानूनी दायरे में रहकर ही अपनी बात रखनी चाहिए। जांच एजेंसियां सक्रिय, सरकार की मंशा स्पष्ट मांझी ने बताया कि राज्य के गृह मंत्री सम्राट चौधरी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि मामले की हर स्तर पर जांच की जा रही है। सामान्य जांच के साथ एसआईटी, सीआईडी और सीबीआई भी मामले की पड़ताल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यदि आगे किसी अन्य एजेंसी की आवश्यकता पड़ी, तो उससे भी जांच कराई जाएगी। सबूत मिलते ही होगी त्वरित कार्रवाई केंद्रीय मंत्री ने दोहराया कि सरकार की मंशा साफ है। जैसे ही ठोस साक्ष्य सामने आते हैं, 24 घंटे के भीतर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी को कानून की प्रक्रिया के तहत ही देखा जाना चाहिए। टैरिफ मुद्दे पर पीएम मोदी की रणनीति का समर्थन पत्रकारों से बातचीत के दौरान मांझी ने अमेरिका द्वारा लगाए गए टैरिफ और विपक्ष के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जब अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाया था, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सभी केंद्रीय मंत्रियों को सार्वजनिक बयान न देने का निर्देश दिया था और कूटनीतिक व आर्थिक स्तर पर स्थिति को संभाला। व्यापार समझौतों से भारत की स्थिति मजबूत मांझी के अनुसार, प्रधानमंत्री ने इंग्लैंड सहित करीब 13 देशों के साथ समझौते किए और यूरोपीय संघ के साथ व्यापार समझौते के बाद अमेरिका को यह एहसास हुआ कि भारत दबाव में आने वाला देश नहीं है। उन्होंने कहा कि टैरिफ के बावजूद भारत के निर्यात में गिरावट नहीं आई और महंगाई भी नहीं बढ़ी। पढ़ें-Aniruddhacharya Ji:श्रीमद्भागवत कथा में भगदड़, आचार्य अनिरुद्धाचार्य भी समझ नहीं सके; बिहार में कहां हुआ ऐसा पीएम का परिवार 144 करोड़ देशवासी कांग्रेस नेता के.सी. वेणुगोपाल के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मांझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कोई निजी स्वार्थ नहीं है। न उनका बेटा है और न बेटी। प्रधानमंत्री मानते हैं कि 144 करोड़ देशवासी ही उनका परिवार हैं और सभी फैसले देशहित में लिए जाते हैं। बजट से रोजगार और आत्मनिर्भरता पर जोर गया में बजट 2026–27 पर बोलते हुए मांझी ने कहा कि इस आम बजट में पिछले वर्ष की तुलना में 7.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि एमएसएमई क्षेत्र का बजट 6.3 प्रतिशत बढ़ा है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई कृषि के बाद सबसे प्रभावी क्षेत्र है, जिससे रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ेगा।
#CityStates #Gaya #Bihar #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 07:20 IST
'कानून अपना काम कर रहा': पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर जीतन राम मांझी बोले- छात्रा से जुड़ा मामला बेहद दुखद #CityStates #Gaya #Bihar #VaranasiLiveNews
