झारखंड: सीनियर रेजिडेंट के लिए बड़ी राहत, एक साल की सेवा पर बन सकेंगे सहायक प्राध्यापक

झारखंड के मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापकों के रिक्त पदों को जल्द भरने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने चिकित्सा शिक्षा सेवा नियुक्ति, प्रोन्नति एवं सेवाशर्त नियमावली-2025 में संशोधन किया है। इसके तहत अब सीनियर रेजिडेंट तीन वर्ष के निर्धारित कार्यकाल में से महज एक वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद ही सहायक प्राध्यापक के पद पर नियुक्त हो सकेंगे। इस फैसले से मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की कमी दूर करने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे पहले लागू नियमों के मुताबिक, एक वर्ष की सेवा पूरी करने वाले सीनियर रेजिडेंट केवल सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के पद पर नियुक्त हो सकते थे। उन्हें मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक बनने के लिए यह सुविधा नहीं थी। नई व्यवस्था के तहत अब वे एक वर्ष की सेवा पूरी करने के बाद सदर अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सक के साथ-साथ मेडिकल कॉलेजों में सहायक प्राध्यापक के पद पर भी नियुक्त या प्रतिनियुक्त हो सकेंगे। हालांकि, यह नियुक्ति केवल स्वीकृत पदों के विरुद्ध होगी। इसके लिए नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) की ओर से निर्धारित योग्यता और मानकों को पूरा करना अनिवार्य होगा। निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर नियुक्ति के नियम बदले राज्य सरकार ने नियमावली में संशोधन के जरिए निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया में भी बदलाव किया है। अब इस पद पर प्राचार्यों, उप निदेशकों और प्राध्यापकों में से वरीयता एवं योग्यता के आधार पर चयन किया जा सकेगा। इसके अलावा सरकार को संवर्ग से बाहर के किसी योग्य व्यक्ति को भी निदेशक बनाने का अधिकार होगा। हालांकि, बाहरी संवर्ग के उम्मीदवार को राज्य सरकार और नेशनल मेडिकल कमीशन की ओर से निर्धारित अनिवार्य योग्यताओं को पूरा करना होगा। बाहरी व्यक्ति की नियुक्ति तीन साल के लिए होगी निदेशक, चिकित्सा शिक्षा के पद पर संवर्ग से बाहर के व्यक्ति की नियुक्ति कार्मिक विभाग की प्रोन्नति समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य सरकार करेगी। शुरुआत में नियुक्ति की अवधि तीन वर्ष होगी। इसके बाद अधिकारी के कामकाज और प्रदर्शन की समीक्षा की जाएगी। समीक्षा के आधार पर राज्य सरकार उनका कार्यकाल अगले तीन वर्षों के लिए बढ़ा सकती है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि निदेशक के पद पर नियुक्ति भी स्वीकृत पद के विरुद्ध और निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही की जाएगी।

#CityStates #Jharkhand #Ranchi #JharkhandNews #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 28, 2026, 07:49 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




झारखंड: सीनियर रेजिडेंट के लिए बड़ी राहत, एक साल की सेवा पर बन सकेंगे सहायक प्राध्यापक #CityStates #Jharkhand #Ranchi #JharkhandNews #VaranasiLiveNews