Jhansi: विधायक की सख्ती के बाद शुरू हुई हाईवे की मरम्मत, गहरे गड्ढों के कारण लगातार हो रहे थे हादसे
मोंठ के जौंरा ओवरब्रिज के पास नेशनल हाईवे-27 पर बने गहरे गड्ढों के कारण लगातार हो रहे हादसों और शिकायतों के बाद सोमवार को एनएचएआई ने सड़क की मरम्मत का काम शुरू करा दिया। रविवार रात सड़क हादसे में महिला की मौत और बाइक गड्ढे में गिरने से दीपक कुमार व उसके पिता के घायल होने की जानकारी मिलने पर गरौठा विधायक जवाहर लाल राजपूत ने एनएचएआई अधिकारियों से फोन पर नाराजगी जताई थी। विधायक ने गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश देते हुए समस्या का समाधान न होने पर विभागीय अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर कराने की चेतावनी दी थी। विधायक के सख्त तेवर के बाद सोमवार को एनएचएआई ने क्षतिग्रस्त हिस्सों को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया। जौंरा ओवरब्रिज के पास हाईवे की सड़क पर लंबे समय से जगह-जगह गहरे गड्ढे बने हुए थे। बारिश के बाद गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता था। इससे तेज रफ्तार वाहनों के साथ ही बाइक सवारों के लिए भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। स्थानीय लोगों के अनुसार, गड्ढों के कारण आए दिन वाहन अनियंत्रित होने की स्थिति पैदा हो रही थी। रविवार को भी हाईवे पर हादसा हुआ। एक महिला की बाइक से गिरकर मौत हो गई, जबकि गड्ढे में बाइक गिरने से दीपक कुमार और उसके पिता घायल हो गए। लगातार हो रही दुर्घटनाओं की जानकारी मिलने पर विधायक जवाहर लाल राजपूत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एनएचएआई अधिकारियों से फोन पर बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि हाईवे पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरवाया जाए। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। विधायक के हस्तक्षेप के बाद सोमवार को एनएचएआई की टीम ने हाईवे के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर काम शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने गड्ढों को भरने के साथ सड़क को दुरुस्त करने का कार्य शुरू किया। मरम्मत कार्य शुरू होने से स्थानीय लोगों और हाईवे से गुजरने वाले वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर बने गड्ढे लंबे समय से हादसों का कारण बने हुए थे। खासकर दोपहिया वाहनों पर पीछे बैठी सवारियों के गड्ढे में गिरने का खतरा अधिक रहता था। वहीं, चार पहिया वाहन गड्ढों में जाने के बाद अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो सकते थे। ऐसे में सड़क की मरम्मत शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि अब हादसों पर अंकुश लगेगा और हाईवे पर आवागमन सुरक्षित हो सकेगा।
#CityStates #Jhansi #RegardingTheJhansiHighwayAccidents #TheMlaReprimandedTheNhai #JhansiMlaJawaharAndGarauthaMlaJawaharLalRa #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Sep 16, 2026, 14:01 IST
Jhansi: विधायक की सख्ती के बाद शुरू हुई हाईवे की मरम्मत, गहरे गड्ढों के कारण लगातार हो रहे थे हादसे #CityStates #Jhansi #RegardingTheJhansiHighwayAccidents #TheMlaReprimandedTheNhai #JhansiMlaJawaharAndGarauthaMlaJawaharLalRa #VaranasiLiveNews
