Bihar News: पटना में दिनदहाड़े लूटपाट से हड़कंप, पांच अपराधियों ने बंदूक दिखाकर लाखों के जेवर लूटे
पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने पिस्टल के बल पर एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। जानकारी के अनुसार, पांच की संख्या में आए अपराधियों ने धन कॉलोनी चौराहा के पास स्थित श्री लक्ष्मी अलंकार ज्वैलर्स में घुसकर हथियार के बल पर लूटपाट की। विरोध करने पर अपराधियों ने दुकानदार को पिस्टल की बट से मारकर घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर ली। सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि पुलिस अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे पांच अपराधी पीड़ित दुकानदार धनंजय कुमार ने बताया कि वह दुकान में ग्राहकों के साथ मौजूद थे, तभी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर पांच अपराधी वहां पहुंचे। सभी अपराधियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था। दुकान में घुसते ही उन्होंने हथियार निकाल लिए। पिस्टल के बल पर बंधक बनाया, विरोध करने पर हमला दुकानदार के अनुसार, जिस समय अपराधी दुकान में घुसे, उस वक्त अंदर तीन ग्राहक भी मौजूद थे। दो अपराधियों के हाथ में पिस्टल थी। उन्होंने हथियार के बल पर सभी को एक कोने में बंधक बना लिया। जब दुकानदार धनंजय कुमार ने विरोध करने की कोशिश की, तो अपराधियों ने पिस्टल की बट से उनके सिर पर वार कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। करीब 20 लाख रुपये के जेवरात लूटे अपराधियों ने दहशत का माहौल बनाकर दुकान में रखे कीमती जेवरात लूट लिए। दुकानदार के अनुसार लूटे गए सामान में लगभग 100 ग्राम सोने के जेवरात और करीब 3 किलो चांदी के गहने शामिल हैं। लूटे गए जेवरात की कुल अनुमानित कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए आसानी से मौके से फरार हो गए। घटना के3 बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
#CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 19, 2026, 16:41 IST
Bihar News: पटना में दिनदहाड़े लूटपाट से हड़कंप, पांच अपराधियों ने बंदूक दिखाकर लाखों के जेवर लूटे #CityStates #Patna #Bihar #VaranasiLiveNews
