Viral Video: स्कॉर्पियो के बोनट पर बैठकर छात्रों ने की स्टंटबाजी, वीडियो देख हरकत में आई पुलिस, काटा चालान
जांजगीर-चांपा जिले के जीएलडी स्कूल खैरताल में आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्रों द्वारा वाहनों पर खतरनाक स्टंटबाजी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना नवागढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालकों की पहचान कर मोटरयान अधिनियम के तहत उन पर जुर्माना लगाया है। यह घटना चार फरवरी को स्कूल में आयोजित फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान हुई। कार्यक्रम में शामिल छात्र-छात्राओं ने कार की खिड़की से बाहर निकलकर और स्कॉर्पियो वाहन के बोनट पर बैठकर खतरनाक स्टंट किए। इस दौरान की गई स्टंटबाजी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया गया, जो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में चल रहे वाहनों के नंबरों के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने वाहन चालकों की पहचान की। पहचान के बाद पुलिस ने वाहन चालकों को पकड़कर उनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। सभी जब्त किए गए वाहनों के चालकों पर 2800 रुपये प्रति वाहन चालक के हिसाब से चालान काटा गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के उल्लंघन के गंभीर परिणामों के बारे में समझाया भी दिया है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य छात्रों और युवा वर्ग को खतरनाक स्टंटबाजी से रोकना और उन्हें यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है। स्कूल और अभिभावकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को ऐसे जोखिम भरे कामों से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। पुलिस ने यह स्पष्ट किया है कि इस तरह के लापरवाही भरे व्यवहार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना इस बात का संकेत है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाली हर गतिविधि पर पुलिस की नजर है और नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
#CityStates #Janjgir-champa #JanjgirChampaNews #JanjgirChampa #StuntVideo #ViralVideos #VideoNews #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 09, 2026, 19:46 IST
Viral Video: स्कॉर्पियो के बोनट पर बैठकर छात्रों ने की स्टंटबाजी, वीडियो देख हरकत में आई पुलिस, काटा चालान #CityStates #Janjgir-champa #JanjgirChampaNews #JanjgirChampa #StuntVideo #ViralVideos #VideoNews #Chhattisgarh #VaranasiLiveNews
