HP Politics News: जयराम बोले- सीएम की योजनाएं चाइनीज खिलौनों जैसी, शुरू होते ही हो जाती हैं खत्म
पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष जयराम ठाकुर ने सुखी परिवार योजना के नाम पर प्रदेशवासियों को ठगने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बिना बजट के घोषणाएं करने वाले मुख्यमंत्री को पहले यह बताना चाहिए कि समाज कल्याण का बजट कम करके वे योजनाएं कैसे क्रियान्वित करेंगे। जयराम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार ने इस साल समाज कल्याण के लिए आवंटित धनराशि में पिछले साल के मुकाबले 63 फीसदी की कटौती की है। इस साल यह राशि 604 करोड़ रुपये है, जबकि पिछले साल 1618 करोड़ रुपये थी। शुक्रवार को जारी बयान में जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री की योजनाएं चाइनीज खिलौनों जैसी होती हैं, जो या तो शुरू नहीं होतीं या शुरू होते ही खत्म हो जाती हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब पिछले साल लोगों को वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिल पाई, तो इस बार बजट कटौती के बाद कैसे मिलेगी। जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि झूठी गारंटियां देकर सत्ता में आने के बाद से मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू लगातार जनहित की योजनाओं को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने हिमकेयर, सहारा, शगुन और स्वावलंबन जैसी योजनाओं को बजट रोककर बंद करने की कोशिश की है। ठाकुर ने कहा कि लोगों पर तरह-तरह के शुल्क लादे गए और सुख की सरकार के नाम पर शुल्क की सरकार चलाई गई। उन्होंने कहा कि नई योजनाओं की घोषणा की जा रही है, जिन पर करोड़ों रुपये विज्ञापनों पर खर्च होंगे, लेकिन लाभार्थियों को पूरा लाभ नहीं मिल पाएगा।
#CityStates #HimachalPradesh #Shimla #JairamThakur #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 19:04 IST
HP Politics News: जयराम बोले- सीएम की योजनाएं चाइनीज खिलौनों जैसी, शुरू होते ही हो जाती हैं खत्म #CityStates #HimachalPradesh #Shimla #JairamThakur #VaranasiLiveNews
