जयपुर में आज खास: भाजपा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक, सीएम जाएंगे दिल्ली
राजधानी जयपुर में सोमवार को राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों के साथ कई इवेंट्स भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास आज जयपुर से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दोनों के कार्यक्रम अलग-अलग हैं। मुख्यमंत्री भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 में शामिल होंगे, जबकि मुख्य सचिव की केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों के अधिकारियों के साथ 17 से ज्यादा बैठकें प्रस्तावित हैं। इधर, भाजपा के सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के के जयपुर प्रवास के दौरान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ संवाद होगा। शहर में हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग वर्कशॉप से लेकर कुकिंग क्लास और ट्रेकिंग-साइकिल टूर जैसे आयोजन भी होंगे। मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव आज दिल्ली में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दोपहर एक बजे जयपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। शाम चार बजे वे भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 में पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री रात नौ बजे कार्यक्रम से रवाना होकर जयपुर लौटेंगे। उनके रात 10:45 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। वहीं, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास भी दिल्ली दौरे पर रहेंगे। उनके कार्यक्रम में 17 से ज्यादा बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में राजस्थान की विकास परियोजनाओं और केंद्र से जुड़े प्रमुख मुद्दों पर चर्चा होगी। इनमें जल जीवन मिशन, वीबी-जी राम जी योजना, राजस्थान हाईवे मॉडर्नाइजेशन प्रोजेक्ट, जयपुर मेट्रो, पीएम ई-बस सेवा और ऊर्जा क्षेत्र में सुधार जैसे विषय शामिल हैं। प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाने और अनुपालन का बोझ घटाने पर भी चर्चा होगी। मुख्य सचिव गृह कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति के सामने भी शामिल होंगे। यह भी पढें-राजस्थान: जीएसटी चोरी सिंडिकेट का पर्दाफाश, दिल्ली में 4.58 करोड़ रुपये की नकदी जब्त भाजपा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ बैठक भाजपा सोशल मीडिया विभाग के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के दो और तीन नवंबर को जयपुर प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे प्रदेश, संभाग और जिला स्तर के सोशल मीडिया पदाधिकारियों के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे। इसमें डिजिटल प्लेटफॉर्म के प्रभावी उपयोग, आगामी कार्ययोजना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा होगी। सोमवार शाम 6:30 बजे सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ चाय पर संवाद का कार्यक्रम भी रखा गया है। इसमें डिजिटल संचार, कंटेंट निर्माण, नई तकनीक और सोशल मीडिया की बदलती भूमिका पर बातचीत होगी। जयपुर में आज कौन-कौन से इवेंट्स राजधानी में सोमवार को घूमने-फिरने और कुछ नया सीखने के इच्छुक लोगों के लिए भी कई गतिविधियां प्रस्तावित हैं। हैंड ब्लॉक प्रिंटिंग वर्कशॉप: क्रिएटिस की ओर से आयोजित वर्कशॉप में पारंपरिक प्रिंटिंग तकनीक सीखने का मौका मिलेगा। फैमिली कुकिंग क्लास: स्थानीय परिवारों के साथ पारंपरिक राजस्थानी व्यंजन बनाने का अनुभव मिलेगा। जयपुर ट्रेकिंग और हाइकिंग टूर: जल महल के आसपास गाइड के साथ ट्रेकिंग और हाइकिंग का आयोजन होगा। नाहरगढ़ साइकिल टूर: ले टूर डी इंडिया की ओर से आयोजित साइकिल टूर का शुल्क 3,301 रुपये से शुरू है।
#CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurNewsToday #JaipurLatestNews #JaipurEvents #BjpSocialMediaDepartment #BjpSocialMediaInfluencersMeet #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 02, 2026, 07:31 IST
जयपुर में आज खास: भाजपा में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स की बैठक, सीएम जाएंगे दिल्ली #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurNewsToday #JaipurLatestNews #JaipurEvents #BjpSocialMediaDepartment #BjpSocialMediaInfluencersMeet #VaranasiLiveNews
