आपदा में तत्परता से दायित्व निभाना जरूरी : चीमा

मनाली में आईआरएस पर कार्यशाला का आयोजन आपदा प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर हुआ मंथन संवाद न्यूज एजेंसी मनाली। आपदा प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, संगठित एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से घटना प्रतिक्रिया प्रणाली (इन्सिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम) पर बुधवार को मनाली में कार्यशाला का आयोजन किया गया। एसडीएम मनाली गुंजित सिंह चीमा ने इसकी अध्यक्षता की। कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मियों की सक्रिय भागीदारी रही। एसडीएम ने कहा कि घटना प्रतिक्रिया प्रणाली एक वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित ढांचा है, जो आपदा प्रबंधन के दौरान विभिन्न विभागों के बीच स्पष्ट भूमिका निर्धारण, प्रभावी कमांड और त्वरित निर्णय लेने में सहायक सिद्ध होता है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्रों में आईआरएस प्रणाली का प्रभावी क्रियान्वयन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने आपदा के समय निर्धारित दायित्वों के अनुरूप तत्परता से कार्य करने सहित आपसी समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने पंचायत स्तर तक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आम नागरिकों, विशेषकर युवाओं एवं विद्यार्थियों को आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करने पर बल दिया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता दिलीप कुमार, मास्टर ट्रेनर (इन्सिडेंट रिस्पॉन्स सिस्टम, भारत सरकार) ने प्रतिभागियों को आईआरएस की संरचना, कार्यप्रणाली एवं विभिन्न घटकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन्सिडेंट कमांडर की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है, जो समस्त कार्यों का नेतृत्व करता है। इसके अतिरिक्त ऑपरेशन सेक्शन राहत एवं बचाव कार्यों का संचालन करता है। सुझाव दिया कि ग्राम स्तर पर स्वयंसेवकों के समूह तैयार किए जाएं और स्कूलों एवं कॉलेजों में नियमित रूप से आईआरएस आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, हिमाचल पथ परिवहन निगम, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड, लोक निर्माण विभाग, जल शक्ति विभाग, होम गार्ड, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बीएसएनएल सहित अन्य विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

#ItIsImportantToPerformResponsibilitiesPromptlyInTimesOfDisaster:Cheema #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 22, 2026, 17:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




आपदा में तत्परता से दायित्व निभाना जरूरी : चीमा #ItIsImportantToPerformResponsibilitiesPromptlyInTimesOfDisaster:Cheema #VaranasiLiveNews