Delhi NCR News: आईजीएनसीए ने मनाया हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष का उत्सव
संवाद न्यूज एजेंसीनई दिल्ली। हिन्दी पत्रकारिता की 200 वर्षीय ऐतिहासिक यात्रा के उपलक्ष्य में इन्दिरा गांधी राष्ट्रीय कला केन्द्र (आईजीएनसीए) और भोपाल के माधवराव सप्रे स्मृति समाचारपत्र संग्रहालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिन्दी पत्रकारिता द्विशताब्दी राष्ट्रीय महोत्सव का भव्य शुभारंभ शनिवार को समवेत सभागार में हुआ। इस अवसर पर भारत सरकार ने हिन्दी के प्रथम समाचार पत्र उदन्त मार्त्तण्ड और उसके संस्थापक-संपादक पंडित युगल किशोर शुक्ल की स्मृति में विशेष स्मारक डाक टिकट और प्रथम दिवस आवरण जारी किया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विशेष संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। मुख्य अतिथि एवं केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि पत्रकारिता के इतिहास और भारत के इतिहास की यात्रा एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हुई है। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार और साहित्यकार विजयदत्त श्रीधर और डॉ. सच्चिदानंद जोशी का संपादित ग्रंथ हिन्दी पत्रकारिता : 200 साल की महागाथा का विमोचन किया गया। इसके साथ ही डॉ. श्रीकांत सिंह की पुस्तक हिन्दी पत्रकारिता के हिन्दीतर उन्नायक का भी लोकार्पण हुआ। महोत्सव का एक प्रमुख आकर्षण हिन्दी पत्रकारिता की दो सौ वर्षों की यात्रा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी रही। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ संपादक रामबहादुर राय ने कहा कि लोकतंत्र और पत्रकारिता एक-दूसरे के पूरक हैं। सोशल मीडिया पर प्रसारित हर सामग्री को समाचार नहीं माना जा सकता।
#IGNCACelebrates200YearsOfHindiJournalism #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 19:19 IST
Delhi NCR News: आईजीएनसीए ने मनाया हिन्दी पत्रकारिता के 200 वर्ष का उत्सव #IGNCACelebrates200YearsOfHindiJournalism #VaranasiLiveNews
