क्रेडिट कार्ड से खरीदारी अब कैसे संभालें बिल?: मिनिमम ड्यू, नो-कॉस्ट ईएमआई और कर्ज से बचने के समझें तरीके
त्योहारी सीजन में क्रेडिट कार्ड से खरीदारी करना आसान लगता है। कैशबैक, भारी डिस्काउंट और नो-कॉस्ट ईएमआई के ऑफर देखकर लोग अपनी जरूरत से ज्यादा सामान खरीद लेते हैं। लेकिन असली परेशानी तब शुरू होती है, जब महीने के अंत में क्रेडिट कार्ड का बिल सामने आता है। कानपुर के रोहित मिश्रा के साथ भी ऐसा ही हुआ। उन्होंने त्योहारों पर स्मार्टफोन, टीवी और घरेलू सामान खरीदा। ऑफर्स के चक्कर में उनका कुल खर्च 1.20 लाख रुपये पहुंच गया। अब वह एकमुश्त बिल चुकाने की स्थिति में नहीं हैं। ऐसे में सवाल है कि क्रेडिट कार्ड का भारी बिल कैसे संभालें और कर्ज के जाल में फंसने से कैसे बचें क्रेडिट कार्ड की सबसे बड़ी गलती यह होती है कि लोग उसकी उपलब्ध लिमिट को अपनी कमाई समझने लगते हैं। जबकि यह बैंक की ओर से दी गई उधार की सुविधा है, जिसे तय समय पर चुकाना होता है। अगर पूरा बिल नहीं चुकाया गया, तो बकाया रकम पर ब्याज लग सकता है। इसलिए खरीदारी से पहले अपनी आय और खर्च का हिसाब लगाना जरूरी है। वित्तीय सलाह के मुताबिक, बिल आने के बाद घबराने के बजाय पहले कुल बकाया, ब्याज दर और भुगतान की तारीख समझें। इसके बाद अपनी मासिक आय में से जरूरी खर्च निकालकर तय करें कि कितनी रकम कर्ज चुकाने में लगा सकते हैं। मिनिमम ड्यू भरने से क्या पूरा कर्ज खत्म हो जाता है क्रेडिट कार्ड बिल में आमतौर पर दो तरह की रकम दिखाई देती हैं। पहली कुल बकाया राशि और दूसरी मिनिमम अमाउंट ड्यू यानी न्यूनतम देय राशि। न्यूनतम रकम तय तारीख तक जमा करने से आमतौर पर लेट पेमेंट फीस से बचा जा सकता है। लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि बाकी रकम पर ब्याज नहीं लगेगा। अगर ग्राहक केवल मिनिमम ड्यू भरता है, तो बची हुई रकम पर ब्याज जुड़ता रहता है। इतना ही नहीं, पूरा बिल न चुकाने पर नई खरीदारी पर मिलने वाली ब्याज मुक्त अवधि भी खत्म हो सकती है। इसलिए हर महीने केवल न्यूनतम रकम भरने की आदत नहीं डालनी चाहिए। कोशिश करें कि पूरा बिल तय तारीख तक चुका दिया जाए। क्रेडिट कार्ड का बिल चुकाने के लिए पर्सनल लोन लेना कितना सही है अगर क्रेडिट कार्ड का बकाया बहुत ज्यादा है और एकमुश्त भुगतान संभव नहीं है, तो पर्सनल लोन एक विकल्प हो सकता है। लेकिन इसे लेने से पहले दोनों की कुल लागत की तुलना करना जरूरी है। पर्सनल लोन की ब्याज दर और अन्य शुल्क क्रेडिट कार्ड के बकाया पर लगने वाले ब्याज से कम होने चाहिए। साथ ही यह भी देखें कि हर महीने ईएमआई चुकाने की क्षमता है या नहीं। लंबी अवधि का लोन लेने से मासिक किस्त कम हो सकती है, लेकिन कुल ब्याज बढ़ सकता है। सबसे जरूरी बात यह है कि पर्सनल लोन लेकर पुराना बिल चुकाने के बाद क्रेडिट कार्ड से दोबारा गैर-जरूरी खरीदारी न करें। वरना एक कर्ज खत्म करने के बाद दूसरा कर्ज खड़ा हो सकता है। नो-कॉस्ट ईएमआई में कौन से छिपे खर्च हो सकते हैं नो-कॉस्ट ईएमआई में ग्राहक को लगता है कि महंगा सामान बिना ब्याज के किस्तों में मिल रहा है। लेकिन इसका पूरा गणित समझना जरूरी है। कई मामलों में बैंक ईएमआई पर ब्याज लगाता है और ब्रांड या विक्रेता उतनी ही रकम का डिस्काउंट दे देता है। इसके बावजूद प्रोसेसिंग फीस और उस पर जीएसटी जैसे अतिरिक्त शुल्क देने पड़ सकते हैं। उदाहरण के लिए, 60,000 रुपये का टीवी छह महीने की नो-कॉस्ट ईएमआई पर खरीदने पर हर महीने 10,000 रुपये की मूल किस्त बनेगी। अगर प्रोसेसिंग फीस 999 रुपये है और उस पर 18 फीसदी जीएसटी लगता है, तो ग्राहक को करीब 1,179 रुपये अतिरिक्त देने होंगे। इसके अलावा अगर एकमुश्त भुगतान करने पर 3,000 रुपये की छूट मिल रही थी और ईएमआई पर यह छूट नहीं मिलती, तो ग्राहक को उस लाभ का नुकसान भी होगा। इसलिए ईएमआई चुनने से पहले कुल भुगतान का हिसाब जरूर लगाएं। क्रेडिट कार्ड का बिल संभालने के जरूरी नियम क्या हमेशा पूरा बिल तय तारीख तक चुकाने की कोशिश करें। केवल मिनिमम ड्यू भरने की आदत न डालें। एक साथ कई ईएमआई लेने से बचें। सबसे ज्यादा ब्याज वाले कर्ज को पहले चुकाएं। बकाया खत्म होने तक गैर-जरूरी खरीदारी रोक दें। क्रेडिट लिमिट को अपनी आय न समझें। क्रेडिट कार्ड के कर्ज से बाहर निकलने के लिए क्या करें अगर कई क्रेडिट कार्ड पर बकाया है, तो सबसे पहले सभी कार्ड की बकाया रकम, ब्याज दर और भुगतान की तारीख लिख लें। इसके बाद कर्ज चुकाने की रणनीति बनाएं। इसमें डेट अवलांचे तरीका अपनाया जा सकता है। इसके तहत सबसे ज्यादा ब्याज वाले कार्ड का कर्ज पहले चुकाया जाता है। इससे कुल ब्याज कम करने में मदद मिलती है। दूसरा तरीका डेट स्नोबाल है, जिसमें सबसे छोटी बकाया रकम वाले कर्ज को पहले खत्म किया जाता है। इससे एक देनदारी जल्दी खत्म होने का उत्साह मिलता है। दोनों तरीकों में बाकी कार्डों का न्यूनतम भुगतान समय पर करना जरूरी है। बोनस या अतिरिक्त आमदनी मिले तो उसका इस्तेमाल कर्ज घटाने में करें। बैंक से बकाया रकम को ईएमआई में बदलने या कम ब्याज वाले बैलेंस ट्रांसफर के बारे में भी पूछ सकते हैं। लेकिन इसके लिए ब्याज, प्रोसेसिंग फीस और कुल भुगतान की तुलना जरूर करें।
#Bonus #National #CreditCardDebt #CreditCardBill #NoCostEmi #MinimumDue #PersonalFinance #DebtManagement #CreditCardInterest #FinancialPlanning #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 10, 2026, 02:58 IST
क्रेडिट कार्ड से खरीदारी अब कैसे संभालें बिल?: मिनिमम ड्यू, नो-कॉस्ट ईएमआई और कर्ज से बचने के समझें तरीके #Bonus #National #CreditCardDebt #CreditCardBill #NoCostEmi #MinimumDue #PersonalFinance #DebtManagement #CreditCardInterest #FinancialPlanning #VaranasiLiveNews
