Haridwar News: बहादराबाद में हुआ हिंदू सम्मेलन
बहादराबाद। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में चल रहे कार्यक्रमों की शृंखला में शनिवार को पतंजलि योगपीठ स्थित आस्था फार्म हाउस में हिंदू सम्मेलन हुआ। इसमें मातृशक्ति, युवाओं और बुजुर्गों ने सहभागिता की। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रान्त सह प्रचारक विभाग प्रचारक चन्द्रशेखर ने कहा कि संघ ने प्रारंभ से ही राष्ट्र निर्माण, समाज संगठन और चरित्र निर्माण के माध्यम से देश के विविध क्षेत्रों में सतत व निस्वार्थ कार्य किया है। आज भी संघ सेवा, संस्कार और समरसता के कार्यों के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को संगठित करने में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। मुख्य अतिथि महंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज ने कहा कि हिंदू समाज की वास्तविक शक्ति उसकी परंपराओं, संस्कारों और विविधता में निहित है। समरसता, सद्भाव और धर्मनिष्ठ जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र को सशक्त बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की ओर से देशभक्ति व समाज-संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं। वशिष्ट अतिथि डॉ. अरुणा आर्य ने कहा कि समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, स्वदेशी और कुटुंब प्रबोधन आदि विचारों से सकारात्मक परिवर्तन लाकर ही सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव है। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं की भूमिका को परिवर्तन की आधारशिला बताते हुए आत्मनिर्भरता, संस्कार संवर्धन और समाज जागरण पर बल दिया। अमित सैनी, अजय प्रताप सैनी, आदित्य रोड, आयुष, आयुष्य सैनी, अमन, गोस्वामी, प्रशांत सैनी, कन्हैया सैनी, आशीष सैनी आदि मौजूद रहे।
#HinduConventionHeldInBahadarabad #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 28, 2026, 17:27 IST
Haridwar News: बहादराबाद में हुआ हिंदू सम्मेलन #HinduConventionHeldInBahadarabad #VaranasiLiveNews
