हर्ष एनकाउंटर मामला: विधायक जगमोहन आनंद ने रोड समाज से मांगी माफी, अन्य दो मांगें भी पूरी करने का दिया आश्वासन
हर्ष एनकाउंटर मामले को लेकर रोड समाज की ओर से रखी गई तीन मांगों में से विधायक जगमोहन आनंद द्वारा समाज से माफी मांगने की मांग रविवार को पूरी हो गई है। इसी संबंध में रोड समाज ने पत्रकार वार्ता कर पूरे घटनाक्रम और सरकार के समक्ष रखी गई मांगों की जानकारी दी। समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि एनकाउंटर की सीबीआई जांच और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की दो मांगों को मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचाया जा चुका है। फिलहाल विधानसभा का सत्र चल रहा है। सत्र समाप्त होने के बाद सरकार की कार्रवाई देखने के बाद समाज आगामी रणनीति तय करेगा। रोड समाज के पदाधिकारियों के अनुसार, समाज की ओर से तीन प्रमुख मांगें रखी गई थीं। इनमें करनाल विधायक जगमोहन आनंद द्वारा समाज से माफी मांगना, हर्ष एनकाउंटर मामले की सीबीआई से जांच करवाना और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करना शामिल था। विधायक की ओर से माफी मांगने के बाद समाज ने इस मांग को पूरा मान लिया है। बाकी दोनों मांगों को लेकर सरकार के रुख का इंतजार किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की पहल का बताया अहम योगदान रोड समाज की ओर से बताया गया कि समाज और सरकार के बीच संवाद स्थापित करने तथा बैठक करवाने में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की अहम भूमिका रही। इसी पहल के तहत हुई बैठक में विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र कल्याण, कुंडली से विधायक सतपाल जांबा, करनाल विधायक जगमोहन आनंद, हरियाणा मार्केटिंग बोर्ड के अध्यक्ष वेदपाल, एचएसएससी के अध्यक्ष हिम्मत सिंह, पूर्व विधायक कलीराम पटवारी और पूर्व अध्यक्ष धर्मवीर समेत अन्य लोग शामिल हुए। बैठक में समाज की ओर से उठाए गए मुद्दों पर चर्चा हुई। इसी दौरान करनाल विधायक जगमोहन आनंद ने कहा कि यदि उनकी किसी बात से रोड समाज को ठेस पहुंची है तो वह उसके लिए माफी मांगते हैं। विधायक की ओर से माफी मांगे जाने को समाज ने अपनी तीन मांगों में से एक की पूर्ति माना है। विधानसभा सत्र के बाद तय होगी अगली रणनीति अखिल भारतीय रोड महासभा के प्रधान बलकार सिंह ने कहा कि समाज की तीन मांगों में से विधायक द्वारा माफी मांगने की मांग पूरी हो गई है। अब दो मांगें बाकी हैं। इनमें हर्ष एनकाउंटर मामले की सीबीआई जांच और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई प्रमुख हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मांगें मुख्यमंत्री के समक्ष पहुंचाई जा चुकी हैं। फिलहाल विधानसभा का सत्र चल रहा है, इसलिए समाज सरकार की ओर से होने वाली कार्रवाई का इंतजार करेगा। विधानसभा सत्र समाप्त होने के बाद सरकार के फैसले और कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद रोड समाज की ओर से आगामी कदम तय किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर सरकार के प्रतिनिधियों से दोबारा मुलाकात की जाएगी। 'समाज और भाईचारे को एकजुट करने में मनोहर लाल की अहम भूमिका' विधानसभा अध्यक्ष रविंद्र कल्याण ने बैठक के दौरान कहा कि समाज और भाईचारे को एकजुट करने में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल की अहम भूमिका रही है। बैठक में समाज की मांगों और आपसी संवाद के माध्यम से मामले को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।
#CityStates #Karnal #HarshEncounterKarnal #MlaJagmohanAnand #ApologizesToRorCommunity #HaryanaNews #KarnalNews #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 30, 2026, 11:04 IST
हर्ष एनकाउंटर मामला: विधायक जगमोहन आनंद ने रोड समाज से मांगी माफी, अन्य दो मांगें भी पूरी करने का दिया आश्वासन #CityStates #Karnal #HarshEncounterKarnal #MlaJagmohanAnand #ApologizesToRorCommunity #HaryanaNews #KarnalNews #VaranasiLiveNews
