Gwalior News: रेलवे स्टेशन पर चोरी के शक में युवक की पिटाई, जीआरपी-आरपीएफ ने भीड़ से छुड़ाया

ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर चोरी के शक में एक युवक की भीड़ द्वारा बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग युवक के हाथ बांधकर उसके साथ मारपीट करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, इस मामले में अब तक कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने के प्रयास के शक में यात्रियों ने युवक को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ ने उसे घेर लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बताया जा रहा है कि युवक के हाथ बांध दिए गए और कई लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस दौरान रेलवे स्टेशन पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलने पर GRP और RPF की टीम मौके पर पहुंची। जवानों ने हस्तक्षेप कर युवक को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और स्थिति को नियंत्रित किया। ये भी पढ़ें-नीमच में 'तालिबानी' सजा:युवक को खंभे से बांधकर लाठियों से पीटा, पहनाई जूतों की माला; वीडियो वायरल फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत नहीं होने के कारण पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई नहीं की गई है। हालांकि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि इस मामले में कोई शिकायत प्राप्त होती है या जांच के दौरान कोई संज्ञेय अपराध सामने आता है, तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उधर, घटना का वीडियो सामने आने के बाद भीड़ द्वारा कानून अपने हाथ में लेने की घटना को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी आपराधिक संदेह की स्थिति में लोगों को स्वयं कार्रवाई करने के बजाय तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को सूचना देनी चाहिए। आरपीएफ थाने में पदस्थ एसआई रविंद्र राजावत ने बताया कि महिला यात्री की सोने की बाली चोरी करने के प्रयास में आरोपी को यात्रियों ने पकड़ लिया था और उसके साथ मारपीट की गई। सूचना मिलने पर आरपीएफ मौके पर पहुंची और आरोपी को छुड़ाकर जीआरपी के सुपुर्द कर दिया। आरोपी पहले भी चोरी के कई मामलों में पकड़ा जा चुका है। फिलहाल जीआरपी पूरे मामले की जांच कर रही है।

#CityStates #MadhyaPradesh #Gwalior #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 01, 2026, 19:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Gwalior News: रेलवे स्टेशन पर चोरी के शक में युवक की पिटाई, जीआरपी-आरपीएफ ने भीड़ से छुड़ाया #CityStates #MadhyaPradesh #Gwalior #VaranasiLiveNews