Delhi News: 3.81 करोड़ रुपये की ऋण धोखाधड़ी के आरोप में स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता गिरफ्तार
जाली दस्तावेजों और नकली सोने के आभूषणों की मदद से 683 फर्जी गोल्ड लोन खाते बनाएअमर उजाला ब्यूरो नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने 3.81 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी गोल्ड लोन घोटाले में गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी (एनबीएफसी) के स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने अन्य लोगों के साथ मिलकर जाली दस्तावेजों और नकली सोने के आभूषणों की मदद से 683 फर्जी गोल्ड लोन खाते बनाए। ईओडब्ल्यू के पुलिस उपायुक्त अमित वर्मा ने बताया कि आरोपी पंकज कुमार एक निजी कंपनी में गोल्ड एप्रेजर के तौर पर काम कर रहा था। उसे कथित धोखाधड़ी की जांच के बाद सात जुलाई को गिरफ्तार किया गया। कंपनी के आंतरिक ऑडिट में गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने के बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस उपायुक्त वर्मा ने बताया कि ऑडिट में पाया गया कि करीब 14.11 लाख रुपये मूल्य के गिरवी रखे गए असली सोने के आभूषणों के नौ पैकेट गायब थे। जांच में पता चला कि 2022 से 2025 के बीच जाली केवाईसी दस्तावेजों, फर्जी ग्राहक पहचान और नकली सोने के आभूषणों का इस्तेमाल कर 683 फर्जी गोल्ड लोन खाते बनाए गए। इन खातों के आधार पर करीब 3.81 करोड़ रुपये के ऋण धोखाधड़ी से जारी किए गए। इस संबंध में अगस्त 2025 में ईओडब्ल्यू थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी और जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान ऋण फाइलों, मूल्यांकन रिपोर्ट, केवाईसी दस्तावेजों, ऑडिट रिकॉर्ड, बैंक खातों के विवरण और अन्य वित्तीय दस्तावेजों की जांच की गई। इसके अलावा कंपनी के अधिकारियों और अन्य गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए। ईओडब्ल्यू के अनुसार पंकज कुमार ने अन्य आरोपियों के साथ साजिश कर नकली या कृत्रिम सोने के आभूषणों को असली प्रमाणित किया, ताकि फर्जी ऋण मंजूर किए जा सकें। उसने कथित तौर पर पहचान संबंधी दस्तावेजों में हेरफेर की और फर्जी ऋण रिकॉर्ड तैयार कर नकली ग्राहकों के खाते बनाए। पुलिस ने बताया कि आंतरिक ऑडिट में पकड़े जाने से बचने के लिए आरोपी और उसके सहयोगी फर्जी ऋण खातों में ब्याज जमा करते रहे तथा कंपनी के ऋण प्रबंधन प्रणाली में गलत प्रविष्टियां कर उन्हें सक्रिय और नियमित खातों के रूप में दिखाते रहे।वर्ष 2014 से कंपनी में था कार्यरत दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक पंकज कुमार 2014 से कंपनी में कार्यरत था और उसकी जिम्मेदारी गिरवी रखे गए सोने के आभूषणों का मूल्यांकन करना, ग्राहक दस्तावेजों का सत्यापन करना और गोल्ड लोन आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करनी थी। पूछताछ के दौरान आरोपी ने धोखाधड़ी को अंजाम देने के तरीके के बारे में जानकारी दी। आरोपी पंकज कुमार मै साई फिनकॉर्प प्राइवेट लिमिटेड में गोल्ड एप्रेजर (सोने की जांच करने वाला) के तौर पर काम कर रहा था। नकली गोल्ड लोन अकाउंट बनाकर कंपनी को धोखा देने के लिए दूसरे आरोपियों के साथ साजिश में शामिल हुआ।
#GoldEvaluatorArrestedOnChargesOfLoanFraud. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 10, 2026, 17:57 IST
Delhi News: 3.81 करोड़ रुपये की ऋण धोखाधड़ी के आरोप में स्वर्ण मूल्यांकनकर्ता गिरफ्तार #GoldEvaluatorArrestedOnChargesOfLoanFraud. #VaranasiLiveNews
