नवरात्र पर साइबर सुरक्षा के नौ मंत्र
नवरात्र में मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की आराधना के साथ उत्तराखंड एसटीएफ लोगों को साइबर अपराधों से बचाव के नौ मंत्र भी सिखा रही है। साइबर जागरूकता 2.0 अभियान के तहत नवरात्र के प्रत्येक दिन मां के एक स्वरूप के संदेश को डिजिटल सुरक्षा से जोड़कर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों को ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक और पासवर्ड चोरी जैसे साइबर खतरों के प्रति सतर्क करना है। अभियान के पहले दिन मां शैलपुत्री के संदेश को मजबूत पासवर्ड से जोड़ा गया। एसटीएफ के अनुसार, जिस तरह मां शैलपुत्री को शक्ति का आधार माना जाता है, उसी तरह मजबूत पासवर्ड डिजिटल सुरक्षा की पहली ढाल है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे लंबा और अनोखा पासवर्ड बनाएं। उसमें नाम, जन्मतिथि जैसी आसानी से पता लगाई जा सकने वाली जानकारी का इस्तेमाल न करें। सभी ऑनलाइन खातों के लिए अलग-अलग पासवर्ड रखें और इन्हें किसी के साथ साझा न करें। दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी के तप, संयम और अनुशासन के संदेश के जरिए ऑनलाइन ठगी से बचने की सीख दी गई। एसटीएफ ने लोगों से अपील की कि वे जल्दबाजी में किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। लॉटरी, आकर्षक छूट और कम समय में अधिक कमाई के लालच में अपनी निजी या बैंकिंग जानकारी साझा करने से बचें। किसी भी वित्तीय लेन-देन से पहले संबंधित व्यक्ति, वेबसाइट या ऑफर की सत्यता जांच लें। एसटीएफ एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि साइबर ठग लोगों को लालच देने, डराने या जल्दबाजी में फैसला कराने की कोशिश करते हैं। ऐसे में सतर्कता और सोच-समझकर उठाया गया कदम ठगी से बचा सकता है। अभियान के अगले दिनों में भी नवरात्र के विभिन्न स्वरूपों के संदेशों के जरिए डिजिटल सुरक्षा के उपाय बताए जाएंगे।
#CityStates #Chamoli #Uttarakhand #CyberFraud #GirlfriendBoyfriend #Navratri #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 13, 2026, 03:22 IST
नवरात्र पर साइबर सुरक्षा के नौ मंत्र #CityStates #Chamoli #Uttarakhand #CyberFraud #GirlfriendBoyfriend #Navratri #VaranasiLiveNews
