फ्रांस में न्यूज चैनलों के खिलाफ गुस्सा: दक्षिणपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप, चैनल बंद करने की मांग

फ्रांस के प्रमुख न्यूज चैनल बीएफएम टीवी के न्यूजरूम में इन दिनों अजीब-सी बेचैनी का माहौल है। तकनीशियन थॉमस लियोनेटी और उनके 159 साथियों ने अपने ही प्रबंधन के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद कर दिया है। प्रबंधन को लिखे एक पत्र में इन कर्मचारियों ने कहा है कि चैनल पर जिस तरह दक्षिणपंथी विचारधारा को बढ़ावा दिया जा रहा है, उससे उन्हें अब बीएफएम टीवी में काम करने पर शर्म महसूस होती है। फ्रांस में पिछले दो महीनों से जारी छात्र आंदोलनों और हिंसक विरोध प्रदर्शनों के बीच बीएफएफ के अलावा एक अन्य प्रमुख न्यूज सी-न्यूज भी सवालों के घेरे में है। विवाद इस कदर बढ़ चुका है कि 10 लाख से ज्यादा लोगों ने एक याचिका पर हस्ताक्षर कर फ्रांसीसी सरकार से सी-न्यूज का प्रसारण लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। लोगों का आरोप है कि चैनल नस्लवादी भाषा और दक्षिणपंथी दुष्प्रचार के जरिए नफरत फैला रहा है। हालांकि, फ्रांस की नेशनल असेंबली ने सी-न्यूज का लाइसेंस रद्द करने से इन्कार करते हुए कहा कि यह सांसदों का काम नहीं है, बल्कि इस पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर बहस होगी। 2019 से अब तक फ्रांस के प्रसारण नियामक की ओर से सी-न्यूज को 20 बार चेतावनी या दंड दिया जा चुका है, जिसमें छह बार तो इसी साल कार्रवाई हुई है। सड़कों पर गुस्सा, निशाने पर कैमरे जब फ्रांस में विरोध प्रदर्शन भड़के तो इन चैनलों ने जलती कारों, टूटे शीशों और तीखी टिप्पणियों का पुराना फॉर्मूला अपनाया। नतीजा यह हुआ कि जनता का गुस्सा अब खुद इन चैनलों की टीमों पर फूटने लगा है। इसी महीने ल्योन शहर में प्रदर्शन कवर कर रही बीएफएम की कैमरा टीम पर भीड़ ने हमला कर दिया। वहीं, ट्रैप्स उपनगर में शोक सभा के दौरान चैनल की टीम से बदसलूकी की गई। ध्रुवीकरण बढ़ रहा ट्रैप्स के वामपंथी मेयर अली राबेह ने हिंसा के लिए सीधे तौर पर इन चैनलों को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि दिनभर यह सब देखकर लोगों के दिमाग में जहर घुल रहा है व राजनीतिक ध्रुवीकरण बढ़ रहा है। प्रवासियों पर उगली थी आग सी-न्यूज चैनल के एक टिप्पणीकार ने एक इमारत को बेघरों के लिए अस्थायी आश्रय बनाने की योजना पर पेरिस को प्रवासियों के सैलाब का शिकार बताया था। बीएफएम के एक कार्यक्रम में प्रदर्शनों के दौरान हिंसा को सीधे तौर पर आव्रजन से जोड़ा गया था। चैनल अब दे रहे अपनी सफाई एफएम टीवी के निदेशक फैबियन नामियास ने कहा कि वह हर विचारधारा को मंच देते हैं। वहीं, सी-न्यूज ने कहा कि संपादकीय फैसलों की आलोचना हो सकती है लेकिन बंद करने की मांग प्रेस की स्वतंत्रता के खिलाफ है। मीडिया विशेषज्ञों का कहना है कि अगले राष्ट्रपति चुनावों में धुर-दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन की बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए भी चैनल अपना रुख बदल रहे हैं। सी-न्यूज : चैनल का प्रसारण लाइसेंस रद्द करने की मांग वाली याचिका पर 10 लाख से ज्यादा लोगों ने किए हस्ताक्षर। बीएफएम टीवी : कंपनी के 160 कर्मचारियों ने अपने प्रबंधन को लिखा पत्र, हमें यहां काम करने पर शर्म आती है।

#World #National #FrenchNewsChannels #VaranasiLiveNews

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 22, 2026, 03:31 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




फ्रांस में न्यूज चैनलों के खिलाफ गुस्सा: दक्षिणपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने का आरोप, चैनल बंद करने की मांग #World #National #FrenchNewsChannels #VaranasiLiveNews