Ambala News: विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी
अंबाला सिटी। विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी हो गई। पुलिस ने कुरुक्षेत्र के एक युवक को यूरोप के लक्जमबर्ग भेजने के नाम पर ठगी करने के आरोप में सन फ्लाई ओवरसीज के संचालक चिराग नरूला के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी ने पीड़ित को न केवल नकली वीजा थमाया, बल्कि मेडिकल रिपोर्ट भी फर्जी तैयार करवा दी। पुलिस को दी शिकायत में कुरुक्षेत्र के ज्योतिसर जोसर निवासी प्रिंस ने बताया कि उसने विदेश जाने के लिए अंबाला सिटी के जलबेड़ा रोड स्थित सन फ्लाई ओवरसीज के संचालक चिराग नरूला से संपर्क किया था। आरोपी एजेंट ने उसे लक्जमबर्ग (यूरोप) भेजने का झांसा दिया और सौदा तय हुआ। पीड़ित के मुताबिक, आरोपी ने बायोमेट्रिक के नाम पर 6 लाख रुपये ले लिए। इसके करीब दो महीने बाद आरोपी ने उसे वीजा सौंप दिया और एवज में 6 लाख रुपये और ऐंठ लिए। इस तरह आरोपी ने कुल 12 लाख रुपये की मोटी रकम हड़प ली।प्रिंस ने बताया कि जब उसने टिकट और मेडिकल की मांग की, तो आरोपी ने उसे टालने के लिए एक फर्जी मेडिकल रिपोर्ट थमा दी। इसमें उसे नेगेटिव दिखाया गया था। इसके बाद आरोपी करीब दो से तीन महीने तक उसे लगातार गुमराह करता रहा। शक होने पर जब प्रिंस ने वीजा की जांच कराई तो वह पूरी तरह जाली निकला।-----ऑफिस बंद कर भागा आरोपीपीड़ित का आरोप है कि पैसे ऐंठने के बाद आरोपी चिराग नरूला ने अब अपना दफ्तर बंद कर दिया है और वह उसका फोन भी नहीं उठा रहा है। पीड़ित का पासपोर्ट व अन्य जरूरी दस्तावेज भी आरोपी के पास ही फंसे हुए हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि पैसे देते समय दोनों पक्षों के बीच एक लिखित समझौत हुआ था। इसमें वीजा न लगने पर पूरी पेमेंट रिफंड करने की बात लिखी थी। पीड़ित के पास पैसे लेनदेन की वीडियो और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के पुख्ता सबूत भी मौजूद हैं। जांच अधिकारी मांगे राम ने बताया कि चिराग नरूला के खिलाफ थाना सदर में बीएनएस में आपराधिक विश्वासघात की धारा 316(2) और धोखाधड़ी की धारा 318(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।
#FraudOfRs12LakhInTheNameOfSendingAbroad #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 30, 2026, 03:28 IST
Ambala News: विदेश भेजने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी #FraudOfRs12LakhInTheNameOfSendingAbroad #VaranasiLiveNews
