Delhi NCR News: दिल्ली की चार आईटीआई में जल्द बनेंगी हाई-टेक लैब्स
जहांगीरपुरी, हरि नगर, निजामुद्दीन और मयूर विहार के संस्थानों में आधुनिक सुविधाएं होंगी शुरूअमर उजाला ब्यूरोनई दिल्ली।दिल्ली सरकार राजधानी के सरकारी आईटीआई संस्थानों को आधुनिक बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि दिल्ली के चार बड़े आईटीआई में नई हाई-टेक लैब्स बनाई जाएंगी और पुरानी लैब्स को अपग्रेड किया जाएगा। इससे युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के मुताबिक ट्रेनिंग मिलेगी और नौकरी के अवसर बढ़ेंगे। इन संस्थानों में नई मशीनें, डिजिटल सिस्टम, सिमुलेशन तकनीक और उद्योग आधारित ट्रेनिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।जहांगीरपुरी आईटीआई में बनेगी पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैबआईटीआई जहांगीरपुरी में पावर इलेक्ट्रॉनिक्स लैब स्थापित की जाएगी। यहां छात्रों को इलेक्ट्रिकल कंट्रोल सिस्टम, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन और रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी ट्रेनिंग दी जाएगी। लैब में पीएलसी किट, मोटर कंट्रोल पैनल, ट्रांसफॉर्मर ट्रेनर, रिले सिस्टम, सोलर पीवी किट और स्मार्ट एनर्जी मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए जाएंगे। इस लैब से इलेक्ट्रीशियन, इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, सोलर टेक्नीशियन, फिटर, रेफ्रिजरेशन, एयर कंडीशनिंग और मोटर व्हीकल ट्रेड के छात्रों को फायदा मिलेगा। यहां करीब 480 प्रशिक्षुओं को ट्रेनिंग दी जा सकेगी।हरि नगर आईटीआई में वेल्डर लैब का बड़ा अपग्रेडआईटीआई जेल रोड (हरि नगर) में वेल्डर लैब को आधुनिक बनाया जाएगा। नई सुविधाओं में आर्क वेल्डिंग, एमआईजी, टीआईजी वेल्डिंग, गैस कटिंग, प्लाज्मा कटिंग, वेल्डिंग सिमुलेटर और मेटल फैब्रिकेशन वर्कस्टेशन शामिल होंगे। इस लैब से वेल्डर, फिटर, टर्नर, मोटर वाहन और शीट मेटल वर्कर ट्रेड के लगभग 200 छात्रों को लाभ मिलेगा। निजामुद्दीन आईटीआई में वीआर तकनीक से ट्रेनिंगआईटीआई निजामुद्दीन में वर्चुअल रियलिटी (वीआर) सिमुलेटर के जरिए ड्राइविंग, वेल्डिंग और पेंटिंग की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही एबीएस ब्रेकिंग सिस्टम, एयरबैग सिस्टम और आधुनिक वाहन इलेक्ट्रॉनिक्स पर भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस सुविधा से मैकेनिक ऑटो बॉडी पेंटिंग और ऑटो बॉडी रिपेयर ट्रेड के 208 प्रशिक्षुओं को फायदा मिलेगा।मयूर विहार आईटीआई में बनेगी ईवी लैबएचजेबी आईटीआई मयूर विहार (खिचड़ीपुर) में इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी) लैब बनाई जाएगी। यहां बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम, इलेक्ट्रिक मोटर, ईवी चार्जिंग स्टेशन, फॉल्ट डायग्नोसिस और पावर इलेक्ट्रॉनिक्स की ट्रेनिंग दी जाएगी। इस लैब से इलेक्ट्रॉनिक्स मैकेनिक, मेकाट्रॉनिक्स और संबंधित ट्रेड के 184 छात्रों को लाभ मिलेगा। रोजगार और स्वरोजगार दोनों बढ़ेंगे -सीएम मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार युवाओं को रोजगारपरक और उद्योगोन्मुखी कौशल देने के लिए प्रतिबद्ध है। इन लैब्स के जरिए छात्र तकनीकी रूप से मजबूत होंगे और उन्हें कंपनियों की वास्तविक कार्यशैली समझने का मौका मिलेगा।
#FourITIsInDelhiWillSoonHaveHigh-techLabs. #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 16, 2026, 18:56 IST
Delhi NCR News: दिल्ली की चार आईटीआई में जल्द बनेंगी हाई-टेक लैब्स #FourITIsInDelhiWillSoonHaveHigh-techLabs. #VaranasiLiveNews
