Chamba News: हियाड़ में ट्रांसफार्मर के एलटी बॉक्स में भड़की आग
तीसा (चंबा)। चुराह उपमंडल की ग्राम पंचायत कुठेड़ बुधौड़ा के हियाड़ गांव में मंगलवार दोपहर बिजली के ट्रांसफार्मर के नीचे लगाए गए एलटी बॉक्स में अचानक धमाके के साथ आग लग गई। घटना दोपहर करीब दो बजे की है। धमाके की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अनहोनी की आशंका के चलते अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए। देखते ही देखते एलटी बॉक्स से आग की लपटें उठने लगीं और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया। घटना के बाद हियाड़ गांव सहित आसपास के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना बिजली बोर्ड के अधिकारियों को दी। सूचना मिलने के बाद सहायक अभियंता ने एहतियातन बिजली आपूर्ति बंद करवा दी और बोर्ड कर्मचारियों को मौके पर भेजकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गनीमत रही कि जिस समय एलटी वितरण बॉक्स में आग लगी, उस दौरान ट्रांसफार्मर के आसपास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। हालांकि, अचानक हुए धमाके और आग की लपटों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक सूचना के अनुसार शॉर्ट सर्किट आग लगने का कारण माना जा रहा है। ग्रामीणों अशोक कुमार, नरेश कुमार, दलीप सिंह, संजीव कुमार, केशव और बलदेव ने बिजली बोर्ड से क्षेत्र में जल्द आपूर्ति बहाल करने की मांग की है। उनका कहना है कि बिजली बाधित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अमीर चंद ने बताया कि एलटी वितरण बॉक्स में केबल शॉर्ट सर्किट होने से जलने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल बिजली आपूर्ति बंद करवा दी गई। लाइन की मरम्मत के लिए बोर्ड के कर्मचारियों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने जल्द बिजली आपूर्ति सुचारु करने की बात कही।.
#FireBreaksOutInTheLTBoxOfATransformerInHiyad #VaranasiLiveNews
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 24, 2026, 15:40 IST
Chamba News: हियाड़ में ट्रांसफार्मर के एलटी बॉक्स में भड़की आग #FireBreaksOutInTheLTBoxOfATransformerInHiyad #VaranasiLiveNews
